Hindi News

ओम प्रकाश राजभर की अब कैसी है तबीयत, पीएम मोदी और सीएम योगी ने फोन करके जाना हाल

Written by:Saurabh Singh
Published:
Last Updated:
डॉक्टरों के अनुसार, राजभर को सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी जिसके बाद उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
ओम प्रकाश राजभर की अब कैसी है तबीयत, पीएम मोदी और सीएम योगी ने फोन करके जाना हाल

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार देर रात उनकी तबीयत में असहजता की शिकायत के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति की गहन जांच की जा रही है। अरविंद राजभर के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।

डॉक्टरों के अनुसार, राजभर को सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी जिसके बाद उन्हें आईसीयू में रखा गया है। मेदांता अस्पताल के चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और आवश्यक टेस्ट किए जा रहे हैं। अभी तक उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिन अस्पताल में निगरानी में रखने का फैसला किया है।

अचानक क्या हो गया

ओम प्रकाश राजभर के परिवार और समर्थकों में उनकी सेहत को लेकर चिंता बनी हुई है। उनके करीबी सूत्रों ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से व्यस्त कार्यक्रमों में शामिल थे, जिसके कारण उनकी तबीयत पर असर पड़ सकता है। पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना

उत्तर प्रदेश सरकार के अन्य मंत्रियों और नेताओं ने भी राजभर के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। मेदांता अस्पताल की ओर से जल्द ही उनके स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक बयान जारी किए जाने की उम्मीद है। फिलहाल, सभी की नजरें उनके स्वास्थ्य अपडेट पर टिकी हैं।