MP Breaking News

राजनाथ सिंह ने “सेवा यात्रा” को दिखाई हरी झंडी, बोले-जहां लोगों की सोच समाप्त होती है, वहीं PM Modi का विजन प्रारंभ होता है

राजनाथ ने कहा पीएम मोदी ने देश के सामने ''विकसित भारत'' बनाने का लक्ष्य रखा है और उस दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं। एक अच्छा नेता वो नहीं होता जो बड़े पद पर हो, बल्कि एक अच्छा लीडर वो होता है, जो अपने देश के लिए बड़े सपने देखे।
Rajnath Singh BJP Seva Sankalp Abhiyan Yatra Varanasi

Rajnath Singh BJP Seva Sankalp Abhiyan Yatra Varanasi

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज उत्तर प्रदेश के वाराणसी में BJP के सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली जा रही सेवा यात्रा को हरी झंडी दिखाई, भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आज 17 सितम्बर को इसकी शुरू आत की है, राजनाथ सिंह ने कहा आज पीएम नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन है, हम सब उनकी लंबी आयु की कामना करते हैं। जहां तक जिंदगी बड़ी होने की बात है, तो पीएम मोदी ने अपने नेतृत्व, व्यक्तित्व और कृतित्व से इसे हासिल कर ही लिया है। आज जिस यात्रा की शुरुआत हो रही है, यह सिर्फ एक स्थान से दूसरे स्थान तक की यात्रा नहीं है। ये मोदी जी की जन्मभूमि से कर्मभूमि को जोड़ने की यात्रा है।

रक्षा मंत्री ने कहा एक ओर काशी है, जहां से पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन को एक नई ऊर्जा और मां गंगा का आशीर्वाद मिला है। दूसरी ओर वडनगर है, जहां उन्हें पूजनीय मां हीराबेन का आशीर्वाद मिला और संस्कारों की नींव भी वहीं प्राप्त हुई। इन दोनों जगहों को जोड़ने का एक माध्यम चुना गया है, वह है त्रिवेणी का जल। जिस प्रकार से त्रिवेणी में तीन धाराएं मिलकर एक हो जाती हैं, उसी प्रकार से वडनगर का संस्कार, काशी का आशीर्वाद और मोदी जी की सेवा का संकल्प एक धारा बन गई है और यही धारा भारत माता के संकल्प को आगे बढ़ा रही है।

25 वर्षों में अनवरत उन्होंने जनसेवा का काम

राजनाथ बोले नरेंद्र मोदी 13 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे, और पिछले 12 वर्षों से देश के प्रधानमंत्री हैं। 25 वर्षों में अनवरत उन्होंने जनसेवा का काम किया है। आज भारत इस ऊंचाई पर पहुंच गया है कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत जो कुछ भी बोलता है, भारत की बातों को गंभीरता से सुना जाता है। पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत कुछ बोलता था तो भारत की बातों को जितनी गंभीरता से लिया जाना चाहिए था, नहीं लिया जाता था। लेकिन आज भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कुछ बोलता है, तो सारी दुनिया कान खोलकर सुनती है कि भारत बोल क्या रहा है।

गुजरात को विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ाया

उन्होंने कहा जहां लोगों की सोच समाप्त होती है, वहीं पीएम मोदी का विजन प्रारंभ होता है। 2001 में गुजरात में भूकंप की बहुत बड़ी तबाही आई थी। लोगों को लग रहा था अब इस मुसीबत से गुजरात बाहर नहीं आ पाएगा, भविष्य में आगे नहीं बढ़ पाएगा। लेकिन नरेंद्र मोदी ने उन सभी को गलत साबित किया। उन्होंने गुजरात के विकास को टेस्ट मैच से वन डे क्रिकेट मैच में बदलने का काम किया। गुजरात को विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ाया, आज विकास के मामले में गुजरात एक मॉडल स्टेट बन गया।

2014 से पहले भारत के हाथ से अवसर निकल जाते थे

रक्षा मंत्री ने कहा 2014 से पहले भारत के हाथ से अवसर निकल जाते थे, सरकार कुर्सी बचाने में लगी रहती थी। आज लगभग हर इलेक्ट्रॉनिक चीज सेमीकंडक्टर चिप से चलती है। आपके मोबाइल से लेकर ब्रह्मोस मिसाइल तक चिप से चलती है, और इस चिप को बनाने वाली विश्व की एक सबसे बड़ी कंपनी भारत में फैक्ट्री लगाना चाहती थी, लेकिन उस समय कांग्रेस की सरकार थी और कांग्रेस की सरकार ने दो बार उसे परमिशन नहीं दी और थक-हार कर वो कंपनी यहां से चली गई। कल्पना कीजिए, कितने हजार करोड़ का व्यापार यहां से चला गया। रोजगार का कितना बड़ा अवसर हमने खो दिया।

पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उभरा है

जब प्रधानमंत्री मोदी ने सेमीकंडक्टर कंपनी लगाने की कोशिश की तो कुछ लोगों ने यह कहा कि भारत को सेमीकंडक्टर कंपनी लगाने की जरूरत क्या है, कुछ लोगों ने तो यह भी कह दिया यह करने की जरूरत क्या है। आपको यह जानकर खुशी होगी कि ऐसे लोगों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए पिछले साल ही हमने देश की पहली मेड इन इंडिया चिप बना ली है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत एक आर्थिक महाशक्ति ही नहीं, एक सांस्कृतिक शक्ति के रूप में भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उभरा है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews
राजनाथ सिंह ने "सेवा यात्रा" को दिखाई हरी झंडी, बोले-जहां लोगों की सोच समाप्त होती है, वहीं PM Modi का विजन प्रारंभ होता है