MP Breaking News

शिवपुरी में बैल और बाइक की जोरदार टक्कर, युवक और गोवंश दोनों ने तोड़ा दम

शिवपुरी में गोवंश के टकराने या अचानक बीच में आने की वजह से होने वाले हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। एक घटना में युवक और गोवंश की जान चली गई।
Shivpuri

शिवपुरी में आवारा गोवंश एक बार फिर हादसे की वजह बन गया। यह पहली बार नहीं है जब गोवंश की वजह से कोई हादसा हुआ है। इसके पहले भी कई बार ऐसे मामले सामने आए हैं। ताजा मामला सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के मुड़खेड़ा टोल प्लाजा का है।

जानकारी के मुताबिक टोल प्लाजा से 38 वर्षीय बाइक सवार विकास भार्गव गुजर रहे थे। तभी उनकी बाइक सड़क पर बैठे बैल से टकरा गई। हादसे में दोनों की मौत हो गई है। इस घटना ने एक बार फिर सड़कों पर आवारा घूमते गोवंश और बढ़ते हुए हादसों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

गोवंश और युवक दोनों की मौत

जानकारी के मुताबिक शिवपुरी के खेड़ापति कॉलोनी के रहने वाले विकास भार्गव किसी काम से ग्वालियर गए हुए थे। वो वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। तकरीबन 8 बजे मुड़खेड़ा टोल प्लाजा पर बैल से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। घटना में बैल ने मौके पर दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल हुए विकास को हाईवे एंबुलेंस के जरिए शिवपुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

Shivpuri

आदेश का हो रहा उल्लंघन

सड़क पर बैठे हुए गोवंश को लेकर जिला प्रशासन की तरफ से कई बार आदेश जारी किया जा चुका है। इसका पूरी तरह से उल्लंघन किया जा रहा है। हाईवे और शहर के मुख्य सड़कों पर अधिकतर बड़ी संख्या में गोवंश बैठा हुआ नजर आता है। कई बार हादसे में गोवंश की मौत भी हो जाती है। ऐसे में सड़क और हाईवे की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पहले भी हुए हादसे

युवक और बैल की टक्कर की इस घटना से पहले बुधवार की सुबह सतनबाड़ा क्षेत्र में एनएच 46 पर गोवंश और कार की टक्कर देखने को मिली थी। उत्तर प्रदेश की इस कार में दो लोग थे। हादसे में 8 में 6 गोवंश की मौत हो गई थी। कार सवार गाड़ी में फंस गए थे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला था।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy
Follow Us :GoogleNews
शिवपुरी में बैल और बाइक की जोरदार टक्कर, युवक और गोवंश दोनों ने तोड़ा दम