शिवपुरी जिले के नावली गांव में कुछ ग्रामीण सरकारी शराब की दुकान बंद करने की मांग को लेकर प्रदर्शन पर उतर गए। जब ये ग्रामीण प्रदर्शन करने के लिए निकले तब पुलिस ने इन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इस बात से नाराज ग्रामीणों ने रास्ते में चक्का जाम कर दिया।
जानकारी के मुताबिक ग्रामीणों ने यह चक्का जाम खोड़ सिरसौद मार्ग पर किया। इस वजह से 1 घंटे तक वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ। पुलिस ने समझाइश देकर मौके से ग्रामीणों को हटाया। तब कहीं जाकर यातायात सुचारू रूप से शुरू हो सका।
शराब दुकान बंद करवाने के लिए प्रदर्शन
बता दें कि नावली गांव के महिला पुरुष गांव से आधा किलोमीटर दूर सिरसौद थाना क्षेत्र में मौजूद सरकारी शराब की दुकान को बंद कराना चाहते हैं। इसके लिए ये प्रदर्शन कर रहे थे। जैसे ही सूचना मिली और ग्रामीणों को नावली मोड़ पर ही रोक लिया। यह बात ग्रामीणों को पसंद नहीं आई और उन्होंने चक्का जाम कर दिया।
एक घंटे तक बंद रहा आवागमन
ग्रामीणों को जब प्रदर्शन करने से रोका गया, तो वह नाराज होकर सड़क पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। पुलिस में ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की लेकिन वह शराब की दुकान बंद करने की बात पर अड़े रहे। इसके बाद चौकी प्रभारी संजय लोधी ग्रामीणों के पास पहुंचे। उन्होंने बताया कि दुकान सरकारी है और नियमों के अनुसार उसका स्थान बदलना संभव नहीं है। इसके बाद ग्रामीण वापस अपने गांव लौट गए।






