
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गुरुवार को वाराणसी आगमन को देखते हुए सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक शहर में कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। पुलिस लाइन से होटल ताज तक के रूट पर वाहनों का आवागमन डायवर्ट किया जाएगा। यह व्यवस्था वीवीआईपी के आगमन और प्रस्थान के दौरान आधे घंटे पहले से प्रभावी होगी।
यातायात प्रतिबंध के तहत खजुरी तिराहा, कालीमाता मंदिर चौराहा, पांडेयपुर चौराहा, भोजूबीर तिराहा, दैत्राबीर तिराहा, जेपी मेहता तिराहा, जेएचवी मॉल तिराहा, इंडिया होटल चौराहा और नदेसर तिराहा से वाहनों को पुलिस लाइन, कचहरी, आंबेडकर चौराहा, आशियाना तिराहा, मिंट हाउस और ताज होटल की ओर जाने से रोका जाएगा। इनके बजाय वाहनों को हुकुलगंज, महाबीर मंदिर, गिलट बाजार, सेंट्रल जेल रोड, कैंटोमेंट और फुलवरिया जैसे वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
चार घंटे तक अतिरिक्त यातायात प्रतिबंध लागू
प्रधानमंत्री के रविदास घाट दौरे के दौरान चार घंटे तक अतिरिक्त यातायात प्रतिबंध लागू होंगे। नदेसर तिराहा, इंडिया होटल, जेएचवी तिराहा, जेपी मेहता, चुंगी तिराहा, लहरतारा, चांदपुर, बौलिया, ककरमत्ता ओवरब्रिज, चितईपुर, रामनगर, भगवानपुर मोड़, पद्मश्री चौराहा और संकटमोचन तिराहा से वाहनों को मालवीय चौराहा, रविदास चौराहा, बीएचयू ट्रामा सेंटर और मंडुवाडीह जैसे क्षेत्रों की ओर जाने से रोका जाएगा। वाहनों को अखरी अंडरपास, गुरुधाम चौराहा और सामने घाट पुल जैसे मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें
कल धाम और एयरपोर्ट जाते समय भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। हुकुलगंज, अंधरापुल, जयसिंह चौराहा, पिपलानी कटरा, कबीरचौरा, विशेश्वरगंज, गोदौलिया और शिवपुर जैसे क्षेत्रों से चौकाघाट, लहुराबीर, मैदागिन, तरना और हरहुआ ओवरब्रिज की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। नागरिकों से अनुरोध है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
