प्रयागराज की त्रिवेणी संगम पर महाशिवरात्रि के दिन श्रद्धालुओं का महासैलाब उमड़ पड़ा। आस्था और भक्ति से सराबोर लाखों लोगों ने गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम में स्नान कर माघ मेला 2026 को ऐतिहासिक समापन प्रदान किया। मेला प्रशासन के अनुसार आज करीब 1 करोड़ श्रद्धालुओं के संगम में डुबकी लगाने का अनुमान है।
तड़के ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। सुबह 8 बजे तक लगभग 15 लाख लोग पवित्र स्नान कर चुके थे। दिन चढ़ने के साथ संगम तट पर भीड़ लगातार बढ़ती गई, क्योंकि मान्यता है कि महाशिवरात्रि के दिन स्नान और पूजा का फल कई गुना बढ़ जाता है।
पूरे मेले में 22 करोड़ से ज्यादा ने किया स्नान
44 दिनों तक चले इस माघ मेले में अब तक 22 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं, जो अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है। महाशिवरात्रि का यह आखिरी स्नान पर्व मेले का छठवां प्रमुख स्नान दिवस था। आज के साथ ही माघ मेला 2026 का औपचारिक समापन हो गया।
ग्रह-नक्षत्रों के विशेष संयोग को इस बार बेहद शुभ माना जा रहा था, जिसके चलते देशभर से श्रद्धालु प्रयागराज पहुंचे। संगम में पवित्र स्नान के बाद लोगों ने खुद को धन्य महसूस किया।
शिवालयों में जलाभिषेक और दान का विशेष महत्व
संगम स्नान के बाद श्रद्धालु शहर के विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे थे। महाशिवरात्रि के दिन अन्न, वस्त्र और स्वर्ण दान का विशेष महत्व होने के कारण कई श्रद्धालु जरूरतमंदों को दान करते दिखे।
मेला क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी ग्राउंड जीरो पर तैनात रहे और हर गतिविधि पर निगरानी रखी गई। शिवालयों और प्रमुख मार्गों पर भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए थे।
सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं
“देवाधिदेव महादेव की उपासना को समर्पित ‘महाशिवरात्रि’ के पावन स्नान पर्व पर आज तीर्थराज प्रयाग की त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाने हेतु पधारे सभी पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, कल्पवास के लिए पधारे साधकों एवं श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन। देवाधिदेव महादेव एवं पुण्य प्रदायिनी माँ गंगा की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे, साधकों की साधना एवं श्रद्धालुओं के मनोरथ पूर्ण हों, यही प्रार्थना है।” — मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने X पर पोस्ट कर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने तीर्थराज प्रयाग में स्नान करने आए सभी साधु-संतों, धर्माचार्यों और कल्पवासियों का अभिनंदन किया।
श्रद्धा, भक्ति और आस्था से भरे इस अद्भुत माहौल के साथ प्रयागराज का माघ मेला एक ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंच गया है। 22 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति इस मेले को अविस्मरणीय बनाती है।





