BJP सांसद दिनेश शर्मा का विपक्ष पर हमला, बोले- जब राम मंदिर में श्रद्धा का अर्पण करना था तब नहीं आये अब श्रद्धा तर्पण की साजिश रच रहे

BJP सांसद ने कहा यदि राम मंदिर में इतनी श्रद्धा थी तो दर्शन करने आज तक कांग्रेस के शीर्ष नेता क्यों नहीं गए? समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेता क्यों नहीं गए? कम्युनिस्ट पार्टी के कोई नेता क्यों नहीं गए?   
Ram Mandir Ayodhya

राम मंदिर अयोध्या में हुई दान चढ़ावा चोरी की घटना ने सनातनियों को गहरा आघात पहुंचाया है , जिन लोगों ने दान दिया, फिर वो दान 1 रुपया हो या करोड़ों रुपये सबकी आस्था पर प्रहार हुआ है। विपक्ष इस घटना को लेकर विश्व हिन्दू परिषद्, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, सहित भाजपा पर हमलावर है भाजपा ने भी इसपर पलटवार किया है और इसे सनातन को बदनाम करने की साजिश बताया है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सदस्य डॉ दिनेश शर्मा में विपक्ष के नेताओं में अचानक आये राम मंदिर प्रेम और प्रभु श्री राम में जागी श्रद्धा पर पलटवार किया है, न्यूज़ एजेंसी ANI से बात करते हुए सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी के ये वही लोग हैं जिन्होंने राम मंदिर आंदोलन में हिस्सा नहीं लिया।

भाजपा सांसद ने कहा ये वही लोग हैं जिन्होंने राम के अस्तिस्त्व पर सवाल उठाये थे, जब यहाँ कोर्ट के आदेश से मंदिर निर्माण शुरु हुआ तो किसी ने कहा यहाँ शौचालय बनवा दो, किसी ने यहाँ अस्पताल बनवा दो, किसी ने स्कूल बनवाने की मांग की अर्थात आज तक जिनका राम मंदिर आंदोलन से कोई सम्बन्ध नहीं रहा जिनका निर्माण से कोई सम्बन्ध नहीं रहा जिन्होंने कोर्ट में राम मंदिर का विरोध किया यानि जो श्रद्धा की बाते हो सकती थी श्रद्धा का अर्पण हो सकता था उसमें कोई योगदान नहीं रहा अब उस श्रद्धा को बदनाम करने के लिए मतलब उस श्रद्धा का तर्पण करने के लिए साजिश रच रहे हैं।

ये एक अंतरराष्ट्रीय साजिश, श्रद्धा थी तो अब तक दर्शनों के लिए क्यों नहीं गए  

दिनेश शर्मा ने कहा ये विरोध भाजपा के खिलाफ नहीं है ये इसलिए दुष्प्रचार कर रहे हैं क्यों कि रामलला के मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कम हो जाये मंदिर में आने वाले चढ़ावे से जो सामाजिक कार्य होते हैं वो बंद हो जाएँ, ये सब एक अंतरराष्ट्रीय साजिश है और उसी के तहत दुष्प्रचार हो रहा है। उन्होंने कहा यदि मंदिर में इतनी श्रद्धा थी तो दर्शन करने आज तक कांग्रेस के शीर्ष नेता क्यों नहीं गए? समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेता क्यों नहीं गए? कम्युनिस्ट पार्टी के कोई नेता क्यों नहीं गए?

विपक्ष की साजिश को राम भक्त सफल नहीं होने देंगे 

ये इसलिए नहीं गए क्योंकि इसके लिए श्रद्धा का भाव जागृत करना था, जब श्रद्धा के भाव का अर्पण करना था तब नहीं गए लेकिन जब श्रद्धा के भाव के तर्पण की साजिश आपके मन में आ गई है तब ये बातें कर रहे हैं लेकिन इनकी साजिश कोई कामयाब नहीं होने दी जाएगी राम भक्त उनके प्रति अगाध श्रद्धा का भाव रखते हैं।

अभी तो काशी मथुरा जायेंगे, माथे पर तिलक लगायेंगे मंजीरे बजायेंगे 

भाजपा सांसद ने तंज कसते हुए काह कि मैंने बहुत दिन पहले कहा था लाइन लगेगी वो शुरू हो गई है जिनकी नानी ने मना किया था वो दर्शन कर आये, अभी परिवार के साथ दर्शन करने आएंगे, घंटी, मंजीरा, माथे पर तिलक लगाकर आएंगे, रामलला ही नहीं बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने जायेंगे, मथुरा जायेंगे और रामलला की तो लेट लेट कर परिक्रमा करेंगे।

रामलला इसलिए याद आ रहे हैं क्योंकि उत्तर प्रदेश में चुनाव है

सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि विपक्ष को रामलला इसलिए याद आ रहे हैं क्योंकि उत्तर प्रदेश में चुनाव है , सनातनियों ने इन्हें बंगाल में दंड दे दिया, सनातनियों ने इन्हें बिहार में दंड दे दिया , सनातनियों ने असम में दंड दे दिया और जो स्टालिन सनातन को डेंगू मलेरिया बोल रहा था उसे भी सजा मिल गई इसलिए इन्हें समझ आ गया है कि सनातन से विरोध कर क्कुछ हासिल नहीं होने वाला इसलिए रामलला की शरण में जा रहे हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews