School News: छात्रों को राहत, कक्षा 8वीं तक के स्कूलों के समय में बदलाव, आदेश जारी, जानें डिटेल्स

भीषण गर्मी व बढ़ते तापमान से छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए यूपी के कई जिलों में कक्षा 8वीं तक के स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। वहीं शासन ने स्कूलों में प्रार्थना सभा, खेलकूद या फिजिकल ट्रेनिंग जैसी सभी आउटडोर गतिविधियां सुबह 10:00 बजे से पहले अनिवार्य रूप से समाप्त करने के निर्देश दिए हैं।
school news

सांकेतिक तस्वीर

मानसून में देरी के कारण भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के चलते छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश के 4 जिलों में जिला प्रशासन द्वारा स्कूल के समय में बदलाव किया गया है। सभी संबंधित विद्यालयों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन करने का निर्देश दिया गया है।

गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने सरकारी, सहायता-प्राप्त और प्राइवेट स्कूलों में कक्षा 1 से 8वीं तक की कक्षाओं के समय में बदलाव किया है। 29 जून 2026 को जारी आदेशानुसार, अब कक्षाएं सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित की जाएंगी। यह समय अगले आदेश तक लागू रहेगा।

यह बदलाव सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि सीबीएसई, आईसीएसई,  यूपी बोर्ड समेत जिले में संचालित सभी बोर्ड के निजी और सहायता प्राप्त स्कूलों पर भी समान रूप से लागू होगा। सभी शिक्षण संस्थानों को इन नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा।

इन जिलों में भी स्कूलों का समय बदला

पीलीभीत: जिले में कक्षा 8वीं तक के स्कूलों का समय परिवर्तित करते हुए 8 जुलाई तक 7:30 बजे से 11:30 बजे तक कर दिया गया है। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए स्टाफ को दोपहर 1 बजे तक स्कूल में रहकर सरकारी कार्य निपटाने को कहा है। यह आदेश सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों पर लागू रहेगा। संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

जौनपुर: गर्मी व तापमान में वृद्धि को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) जौनपुर द्वारा स्कूल की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। आदेश के अनुसार,कक्षा 01 से 08वीं तक के सभी परिषदीय, CBSE, ICSE, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, मदरसा व अन्य बोर्ड के स्कूलों में छात्र-छात्राएं प्रातः 7:00 बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक उपस्थित रहेंगे। शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी प्रातः 7:00 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर अपने शैक्षणिक और प्रशासकीय कार्य पूर्ण करेंगे।

बलरामपुर: जिले में भी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। प्रशासन द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों (बाल वाटिका से कक्षा 8वीं तक) का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा। यह समय-सारिणी प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के सभी बोर्डों (जैसे UP Board, CBSE, ICSE) पर लागू होगी।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने भीषण गर्मी जैसी स्थिति को देखते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सुबह 10:00 बजे तक आउटडोर एक्टिविटीज को समाप्त करने के निर्देश  भी जारी किए हैं। सभी स्कूलों से कहा गया है कि वह प्रार्थना सभा, एक्सरसाइज, खेलकूद जैसी गतिविधियां सुबह 10:00 बजे से पहले पूरी कर लें। साथ ही सरकारी स्कूलों में 1 से 15 जुलाई तक स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण को शुरू करने का आदेश जारी किया गया है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews