Hindi News

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को अतीक अहमद की तरह जान से मारने की धमकी, एफआईआर दर्ज न होने पर समर्थकों में नाराजगी

Written by:Ankita Chourdia
Published:
ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को फोन पर अतीक अहमद की तरह जान से मारने की धमकी मिली है। दरअसल उनके मीडिया प्रभारी के मुताबिक, वाराणसी की भेलुपुर पुलिस ने गुरुवार को एफआईआर दर्ज नहीं की।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को अतीक अहमद की तरह जान से मारने की धमकी, एफआईआर दर्ज न होने पर समर्थकों में नाराजगी

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। दरअसल धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें अतीक अहमद की तरह खत्म करने की बात कही है। यह घटना वाराणसी में सामने आई, जहां उनके समर्थकों ने भेलुपुर थाना में एफआईआर दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस द्वारा अभी तक मामला दर्ज नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है।

जानकारी के अनुसार, ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को अप्रैल की शुरुआत से ही मोबाइल नंबर पर लगातार धमकी भरे संदेश मिल रहे थे। इन संदेशों में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। शुरुआती संदेशों के बाद उस नंबर को ब्लॉक कर दिया गया, लेकिन इसके बावजूद 6 अप्रैल को फिर से फोन कर वॉइस मेल पर धमकी भरा संदेश भेजा गया। इस संदेश में साफ तौर पर कहा गया कि उन्हें अतीक अहमद की तरह मौत के घाट उतार दिया जाएगा।

समर्थक गुरुवार को भेलुपुर थाने पहुंचे

वहीं इस घटना के बाद शंकराचार्य के समर्थक गुरुवार को भेलुपुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। दअरसल शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी शैलेंद्र योगिराज के मुताबिक पुलिस ने शिकायत दर्ज करने में टालमटोल किया और उन्हें बार-बार एक घंटे बाद आने के लिए कहा। पूरे दिन इंतजार करने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई, जिससे समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई है।

शैलेंद्र योगिराज ने समर्थकों को संदेश जारी कर विरोध प्रदर्शन की अपील की है। उन्होंने कहा कि एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा शंकराचार्य को अतीक अहमद की तरह खत्म करने की धमकी दी गई है और इसके बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उन्होंने बताया कि गुरुवार को शिकायत दर्ज कराने गए थे, लेकिन पुलिस ने पूरा दिन टालमटोल करते हुए मामला दर्ज नहीं किया।

समर्थकों ने चेतावनी दी

समर्थकों ने चेतावनी दी है कि यदि शुक्रवार शाम 5 बजे तक एफआईआर दर्ज नहीं होती है तो वे भेलुपुर थाने के सामने विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस आह्वान के बाद बड़ी संख्या में संतों और अनुयायियों के थाने के सामने जुटने की संभावना जताई जा रही है।

एक प्रमुख धार्मिक नेता को जान से मारने की धमकी मिलने और पुलिस पर एफआईआर दर्ज न करने के आरोप के बाद मामला तूल पकड़ता दिख रहा है। समर्थकों का कहना है कि इस तरह की धमकी को गंभीरता से लेना चाहिए और जल्द से जल्द जांच शुरू होनी चाहिए। उनका आरोप है कि अगर ऐसे मामलों में भी पुलिस कार्रवाई करने में देरी करेगी तो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होंगे। फिलहाल सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews