“10 साल में डबल इंजन का धुंआ निकल गया..” अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर बड़ा हमला, रोजगार-महंगाई समेत कई मुद्दों पर घेरा

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रोजगार, महंगाई, किसान समेत कई मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा है। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि 10 साल में डबल इंजन का धुंआ निकल गया है।
akhilesh yadav

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं लेकिन राजनीतिक दलों ने तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव जनता को साधने में जुट गए हैं। शुक्रवार को अखिलेश यादव कासगंज पहुंचे जहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने रोजगार, अर्थव्यवस्था, किसान समेत कई मुद्दों पर मोदी-योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है।

सपा प्रमुख ने सबसे पहले एटा और कासगंज की बात की। उन्होंने कहा कि कासगंज के विकास के लिए समाजवादियों ने हमेशा काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में दोनों जिले विकास की दौड़ में पिछड़ गए हैं। अखिलेश ने कहा, यदि आज एटा और कासगंज की स्थिति की तुलना की जाए, तो साफ दिखाई देता है कि इन क्षेत्रों को विकास के मामले में पीछे छोड़ दिया गया है। यहां का किसान परेशान है और आम जनता महंगाई से त्रस्त है। एटा और कासगंज में विकास पहुंचते-पहुंचते डबल इंजन सरकार की रफ्तार ही थम गई है।

किसानों के मुद्दे पर अखिलेश ने सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने किसानों के मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आज किसान दुखी है और दरदर की ठोकर खा रहा है। 10 साल में डबल इंजन का धुंआ निकल गया है। खाद की कमी ने किसानों का हाल बेहाल कर दिया है। उन्होंंने कहा, यह पहली सरकार है जिसने किसानों के लिए एक भी नया कृषि बाजार नहीं बनाया। यदि किसानों के लिए बाजार विकसित किए गए होते और उन्हें अपने उत्पाद बेचने के अधिक अधिकार मिले होते, तो देश की अर्थव्यवस्था में लगातार सुधार देखने को मिलता।

रोजगार मुद्दे पर अखिलेश ने सरकार पर बोला हमला

सपा प्रमुख रोजगार मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार युवाओं को रोजगार और नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा, यह सरकार हमारे युवाओं को नौकरी और रोजगार से नहीं जोड़ पाई है। यदि समाजवादियों की सरकार होती, तो युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराने का काम किया जाता।

महंगाई मुद्दे पर बोले सपा प्रमुख

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई बढ़ा कर जनता की जेब काट रही है। भाजपा सरकार में पहले से ही मंहगाई चरम पर है उसके बाद भी वह लगातार मंहगाई बढ़ाती जा रही है। मंहगाई से जनता पहले से त्रस्त हैं, भाजपा की सरकार हर दिन महंगाई बढ़ा रही है। पेट्रोल, डीजल और सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में राज्य की जनता भाजपा को हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी तभी महंगाई से निजात मिलेगी।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews