Teachers Day 2025: योगी आदित्यनाथ ने श्रेष्ठ शिक्षकों को किया सम्मानित, बोले- वास्तविक शिक्षक के सम्मान से शिक्षा व्यवस्था आगे बढ़ेगी

योगी ने बताया उत्तर प्रदेश में आज 1,36,000 विद्यालयों में बालक और बालिकाओं के लिए टॉयलेट भी हैं, तो पेयजल की व्यवस्था भी है, डिजिटल क्लास भी बन रही हैं, तो स्मार्ट क्लास भी हैं, डिजिटल लाइब्रेरी भी हैं।
Teachers Day 2025 Yogi Adityanath

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शिक्षक दिवस (Teachers Day 2025) के अवसर पर लखनऊ में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शामिल हुए, उन्होंने 81 श्रेष्ठ शिक्षकों को सम्मानित किया, प्रधानाचार्यों को टैबलेट वितरित किये, स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया और ‘उद्गम’ के डिजिटल प्लेटफॉर्म की लॉन्चिंग की।

योगी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में देश के अंदर एक सकारात्मक वातावरण बना है। परिणाम है कि हमने शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, रोजगार, कौशल विकास, कृषि विकास, जल संसाधन सहित जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में कुछ नया किया। नया करने का परिणाम रहा कि पहले जिस उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था, आज वही उत्तर प्रदेश भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बना है।

पहले सिफारिशी लोगों का होता था सम्मान 

मुख्यमंत्री ने कहा जब हम लीक से हटकर कुछ कार्य करते हैं तो वह नवाचार बनता है और वही लोगों के लिए प्रेरणा बनता है। आज हम जिन 81 शिक्षकों को सम्मानित कर रहे है उसके लिए कुछ पैरामीटर तय किये गए और फिर इनका नाम तय हुआ। योगी ने सपा सरकार का नाम लिए बिना कहा कि पहले होता ये था कि जनपद से सिफारिश आती थी, ये सिफारिश उनकी होती थी जो दिन भर जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा के यहाँ बैठे रहते थे, ईमानदारी से काम करने वाले शिक्षकों की सिफारिश नहीं आती थी।

ख़ुशी है वास्तविक गुरुजनों को सम्मानित कर रहा हूँ

उन्होंने कहा, 2018 में जब मुझे ये पता चला तो मैंने आपत्ति की क्योंकि मैंने उसमें कुछ नाम ऐसे देखे जो उस क्षेत्र के बदनाम नाम थे, मैंने कहा मैं इस कार्यक्रम में नहीं जाऊंगा क्योंकि शिक्षा के सबसे बड़े बैरियर यही लोग हैं इन्हें हटाइए और वास्तविक शिक्षक को सम्मानित कीजिये तभी शिक्षा व्यवस्था को हम आगे बढ़ा पाएंगे और आज मुझे ख़ुशी है कि यहाँ वास्तविक गुरुजनों को सम्मानित कर रहा हूँ।

8 साल पहले UP अपनी पहचान के लिए मोहताज था

उत्तर प्रदेश में आये बदलाव की बात करते हुए योगी ने कहा कि ये केवल सरकार में बैठे लोगों का पुरुषार्थ नहीं है, सरकार में बैठे लोगों ने नेतृत्व दिया ये सच है लेकिन जब 25 करोड़ की आबादी एक साथ मिलकर कोई काम करती है तब ऐसे ही परिणाम आते हैं, योगी ने कहा जो उत्तर प्रदेश 8 साल पहले अपनी पहचान के लिए मोहताज था, आज उसको पहचान बताना नहीं पड़ती। पूरी दुनिया अब उत्तर प्रदेश के व्यक्ति को सम्मान की नजर से देखती है।

समाजवादी पार्टी पर योगी का वार 

योगी ने कहा 8 साल पहले कौन लोग थे जिन्होंने पहचान का संकट खड़ा किया ये वही लोग थे जो अपने समय कुछ कर नहीं पाए लेकिन जब आज शिक्षा के क्षेत्र में, स्वास्थ्य के क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में कुछ रिफ़ॉर्म होते हैं तो ये लोग उसके लिए नकारात्मक वातावरण पैदा कर फिर से उत्तर प्रदेश को उसी कूप मंडूक की तरह रखना चाहते हैं जिसके कारण उत्तर प्रदेश ने अपनी पहचान को खोया था।

[dgv_vimeo_video id=”1116151026″]

[dgv_vimeo_video id=”1116151252″]

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews