Hindi News

आज राम दरबार में शीश नवाएंगे मॉरीशस के प्रधानमंत्री, मंदिर में दर्शन के साथ करेंगे शिवलिंग पर जलाभिषेक

Written by:Saurabh Singh
Published:
एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री का काफिला सीधे राम मंदिर के लिए रवाना होगा। प्रयागराज-लखनऊ हाईवे से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी तय कर वह मंदिर पहुंचेंगे, जहां वह करीब डेढ़ घंटे रुकेंगे।
आज राम दरबार में शीश नवाएंगे मॉरीशस के प्रधानमंत्री, मंदिर में दर्शन के साथ करेंगे शिवलिंग पर जलाभिषेक

मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र रामगुलाम आज अयोध्या में अपने परिवार के साथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। सुबह 11 बजे अयोध्या एयरपोर्ट पर पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे। उनके साथ परिवार के सदस्य, मॉरीशस के प्रधानमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और कैबिनेट मंत्री भी होंगे। स्वागत के लिए पारंपरिक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय लोक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।

जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री का काफिला सीधे राम मंदिर के लिए रवाना होगा। प्रयागराज-लखनऊ हाईवे से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी तय कर वह मंदिर पहुंचेंगे, जहां वह करीब डेढ़ घंटे रुकेंगे। इस दौरान वह रामलला और राजा राम के दर्शन करेंगे, मंदिर निर्माण कार्यों का अवलोकन करेंगे, साथ ही जटायु और अंगद टीले पर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक भी करेंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के पदाधिकारी उनकी अगवानी करेंगे।

आगमन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उनके काफिले के गुजरने के दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रतिबंधित रहेगा, और सभी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर रहेंगी। जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पुलिस लाइन सभागार में बैठक की, जिसमें डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी गौरव ग्रोवर ने अधिकारियों को सतर्कता के साथ कर्तव्यों का पालन करने के निर्देश दिए।

राम मंदिर में दर्शन और पूजन

राम मंदिर में दर्शन और पूजन के बाद डॉ. रामगुलाम दोपहर 1 बजे एयरपोर्ट से अपनी अगली यात्रा के लिए रवाना होंगे। वह रामलला के दर्शन करने वाले दूसरे विदेशी प्रधानमंत्री होंगे। इससे पहले 5 सितंबर को भूटान के प्रधानमंत्री दासो शेरिंग तोबगे ने अयोध्या में दर्शन किए थे, जिनका स्वागत कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया था। मॉरीशस के प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है।