UP Police SI Exam: यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती, शनिवार और रविवार को 15.75 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 4543 उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों के लिए लिखित परीक्षा शनिवार और रविवार को आयोजित की जा रही है। प्रदेश भर के 1090 केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में 15.75 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिसके लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
UP Police SI Result

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पुलिस बल का हिस्सा बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए आज का दिन बेहद अहम है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) की ओर से उपनिरीक्षक (SI) नागरिक पुलिस एवं समकक्ष के 4543 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा शनिवार और रविवार को प्रदेशभर में आयोजित की जा रही है। इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 15,75,760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

परीक्षा के सुचारु और पारदर्शी संचालन के लिए बोर्ड ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेश के सभी जिलों में कुल 1090 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो दिनों तक दो-दो पालियों में परीक्षा संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।

नकल रोकने के लिए एसटीएफ और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

पिछली परीक्षाओं में सॉल्वर गैंग की सक्रियता को देखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रखी गई है। भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर ने बताया कि परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए एसटीएफ समेत सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हैं। सॉल्वर गैंग और पेपर लीक कराने वाले गिरोहों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

सभी जिलों में प्रश्नपत्रों को डबल लॉक में सुरक्षित रखा गया है और परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले ही उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। शुक्रवार से ही सभी 1090 केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

अभ्यर्थियों के लिए विशेष निर्देश और सुविधाएं

भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों की सुविधा का भी ध्यान रखा है। परीक्षा के दौरान उपस्थिति पत्रक भरने और अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए निर्धारित 2 घंटे के अलावा 5 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

इसके अलावा, महिला अभ्यर्थियों को सहूलियत देते हुए उन्हें उनके गृह जनपद के मंडल मुख्यालय वाले जिले में ही परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। भर्ती के लिए आवेदन करने वाले 15.75 लाख अभ्यर्थियों में 11,66,386 पुरुष और 4,09,374 महिलाएं शामिल हैं। डीजी एसबी शिरडकर ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews