
सावन महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद और मुरादाबाद में 10 के साथ संतकबीरनगर और बुलंदशहर में जिला प्रशासन ने 10-11 अगस्त को स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं।
फिरोजाबाद जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने श्रावण मास के द्वितीय सोमवार 10 अगस्त 2026 को अवकाश घोषित किया है। यह आदेश सभी परिषदीय,राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यताप्राप्त, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू रहेगा । बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए ऑनलाइन क्लासेस जारी रहेगीं। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुरादाबाद जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रा और श्रावण माह की शिवरात्रि के मद्देनजर 10 अगस्त को सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। घोषित अवकाश कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूलों के साथ-साथ उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा से संबंधित सभी शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन संस्थानों में बोर्ड, विश्वविद्यालय या किसी आयोग की परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, उन पर यह अवकाश लागू नहीं होगा। ऐसी परीक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी।
बुलंदशहर-संतकबीर नगर में 10-11 अगस्त को अवकाश
बुलंदशहर जिलाधिकारी ने 10 और 11 अगस्त को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया है। यह आदेश जिले के सभी परिषदीय, माध्यमिक, मान्यता प्राप्त तथा सभी बोर्डों (सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड आदि) से संबद्ध स्कूलों पर लागू होगा। इसमें तकनीकी व गैर-तकनीकी संस्थान, साथ ही उच्च शिक्षण संस्थान जैसे डिग्री कॉलेज और विश्वविद्यालय भी शामिल हैं।
संतकबीरनगर के जिलाधिकारी आलोक कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, श्रावण मास में आयोजित कांवड़ यात्रा के मद्देनजर श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात व्यवस्था तथा छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जनपद के सभी विद्यालयों में 10 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा परिषद तथा अन्य बोर्डों से संचालित समस्त विद्यालयों पर लागू होगा। आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन जिलों में भी 12 अगस्त तक स्कूल बंद
बता दें कि मुजफ्फरनगर व सहारनपुर में 10 अगस्त और मेरठ, गाजियाबाद, हापुड और बागपत में 12 अगस्त तक स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। अवकाश रहेगा। जिन परीक्षाओं की तारीख पहले से तय है, वे अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी। कासगंज, बदायूं और एटा में अगस्त महीने में हर सोमवार व शनिवार और बरेली में प्रत्येक सोमवार को स्कूल बंद रहेंगे।

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

