देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद टिहरी के मुनिकी रेती स्थित गंगा रिजॉर्ट में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव 2026 में प्रतिभाग किया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उन्होंने योग को केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक समग्र जीवन पद्धति बताया और प्रदेश के युवाओं से इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) और उत्तराखंड पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहे इस महोत्सव की सराहना करते हुए सीएम धामी ने कहा कि यह पिछले 35 वर्षों से योग की महान परंपरा को विश्व के कोने-कोने तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश को आज “विश्व की योग राजधानी” के रूप में पहचान मिलना अत्यंत गर्व की बात है।

युवाओं के लिए योग को बताया सहयोगी

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने आधुनिक जीवनशैली में युवाओं द्वारा महसूस की जाने वाली थकावट का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “वर्तमान में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले युवा आमतौर पर थकावट महसूस करते हैं। इसमें योग उनका सबसे अच्छा सहयोगी बन सकता है।”

“योग भारत की प्राचीन और महान आध्यात्मिक परंपरा की अमूल्य धरोहर है। यह आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का काम करता है। हमारे ऋषि-मुनियों ने जो मार्ग दिखाया था, आज वो पूरी दुनिया के लिए स्वस्थ जीवन का सशक्त आधार बन चुका है।”- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों को भी याद किया, जिनके प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र संघ ने 2014 में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी। आज दुनिया के 180 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं।

स्वास्थ्य और पर्यटन को बढ़ावा देने की योजनाएं

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने गढ़वाल मंडल के प्रत्येक गांव को पर्यटन से जोड़ने के उद्देश्य से ‘उत्तराखंड खोज योजना’ का लोकार्पण भी किया। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा योग और आयुष को बढ़ावा देने के लिए उठाए जा रहे कदमों की भी जानकारी दी।

  • राज्य में योग नीति 2025 बनाई गई है।
  • योग और आध्यात्म को बढ़ावा देने के लिए ₹10 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है।
  • प्रदेश के प्रत्येक जनपद में 50 और 10 बेड वाले आयुष चिकित्सालयों की स्थापना की जा रही है।
  • 300 से अधिक आयुष्मान आरोग्य केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
  • ई-संजीवनी पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को आयुष परामर्श भी दिया जा रहा है।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। गढ़वाल मण्डल विकास निगम के प्रबंध निदेशक, प्रतीक जैन ने बताया कि इस बार योग महोत्सव में 2500 से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए हैं और इसे 150 योग संस्थाओं के सहयोग से सफल बनाया जा रहा है। कार्यक्रम में गुरुकुल कांगड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए योग साधकों ने योग की विभिन्न क्रियाओं का प्रदर्शन किया।