देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में प्रदेश विकास और सुशासन की नई गाथाएं लिख रहा है। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि 2022 में राज्य की जनता ने सभी मिथकों को तोड़ते हुए भाजपा सरकार को दोबारा प्रचंड बहुमत से आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के बड़े फैसलों की सराहना करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हटाकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के सपने को साकार किया गया है। उन्होंने नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) को वर्षों से उपेक्षित शरणार्थियों के लिए सम्मान और सुरक्षा का अधिकार बताया।
आर्थिक मोर्चे पर उत्तराखंड की लंबी छलांग
सीएम धामी ने राज्य के आर्थिक विकास के आंकड़े पेश करते हुए बताया कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश की आर्थिकी में डेढ़ गुना से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष राज्य की जीएसडीपी (GSDP) में 7.23 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि हुई है। राज्य के बजट का आकार भी 60 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
उन्होंने 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में 3.56 लाख करोड़ के निवेश समझौते हुए, जिनमें से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की ग्राउंडिंग भी हो चुकी है। इसके अलावा, राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप्स की संख्या 700 से बढ़कर साढ़े 1700 हो गई है।
“प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सनातन का जयघोष चारों दिशाओं में गूंज रहा है। अयोध्या जी में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरीडोर, उज्जैन में महाकाल लोक, बद्रीनाथ धाम और केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण हो रहा है।”- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
UCC और भू-कानून जैसे ऐतिहासिक फैसले
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उनकी सरकार ने पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह के मार्गदर्शन में कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर हमने सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। हमें गर्व है कि हमने इसे सिर्फ लागू नहीं किया, बल्कि प्रभावी रूप से धरातल पर भी उतारा है।”
इसके साथ ही, उन्होंने घुसपैठियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन कालनेमी’ और सघन सत्यापन अभियान की जानकारी दी। सीएम ने कहा कि सख्त भू-कानून बनाकर पहाड़ी क्षेत्रों में जमीनों की अवैध खरीद-फरोख्त पर लगाम लगाई गई है और भू-माफियाओं पर अंकुश लगाया गया है।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान
उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर मिली सराहना का उल्लेख करते हुए सीएम ने बताया कि नीति आयोग द्वारा जारी 2023-24 के सतत विकास सूचकांक में राज्य को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। राज्य ने जी-20 जैसे वैश्विक सम्मेलन का सफल आयोजन किया। इसके अलावा, राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक मेडल जीतकर अंक तालिका में 7वां स्थान हासिल किया। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पहली बार शीतकालीन यात्रा की शुरुआत भी की गई।
अंत में, मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ के लिए 500 करोड़ रुपये स्वीकृत करने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूडी, पूर्व मुख्यमंत्रियों सहित कई सांसद, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।






