Hindi News

विंग्स इंडिया में उत्तराखंड की बड़ी उपलब्धि, ‘एविएशन प्रमोशन’ के लिए मिला सर्वश्रेष्ठ राज्य का राष्ट्रीय पुरस्कार

Written by:Ankita Chourdia
Published:
हैदराबाद में आयोजित प्रतिष्ठित 'विंग्स इंडिया' कार्यक्रम में उत्तराखंड को 'बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन एंड इकोसिस्टम' सम्मान से नवाजा गया। यह पुरस्कार राज्य में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार, विशेषकर चारधाम यात्रा में हेली सेवाओं के सफल संचालन के लिए दिया गया है।
विंग्स इंडिया में उत्तराखंड की बड़ी उपलब्धि, ‘एविएशन प्रमोशन’ के लिए मिला सर्वश्रेष्ठ राज्य का राष्ट्रीय पुरस्कार

नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में उत्तराखंड ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हैदराबाद के बेगमपेट एयरपोर्ट पर आयोजित देश के प्रतिष्ठित एविएशन इवेंट ‘विंग्स इंडिया’ में उत्तराखंड को ‘बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन एंड इकोसिस्टम’ के राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार की प्रभावी विमानन नीतियों और जमीनी स्तर पर हुए कार्यों का परिणाम माना जा रहा है।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर उत्तराखंड की ओर से सचिव सचिन कुर्वे, अपर सचिव आशीष चौहान और संजय टोलिया समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस सम्मान ने उत्तराखंड को देश के एविएशन और हेली-टूरिज्म मानचित्र पर एक अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित किया है।

चारधाम यात्रा में हेली सेवाओं की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार पर विशेष जोर दिया है। इसका सबसे प्रभावी उपयोग चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने में किया गया। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं का विस्तार, नए हेलीपोर्ट और हेलीपैड का निर्माण और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

विशेष रूप से, हेली सेवाओं के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और समय की कमी का सामना कर रहे श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन की सुविधा मिली। इसके अलावा, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं में हवाई संसाधनों के बेहतरीन उपयोग ने भी उत्तराखंड को एक अलग पहचान दिलाई है।

दूरस्थ क्षेत्रों तक हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार

यह पुरस्कार केवल चारधाम यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के सीमांत और दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने के प्रयासों को भी मान्यता देता है। ‘उड़ान’ योजना के तहत हवाई सेवाओं का विस्तार, पुरानी हवाई पट्टियों का उन्नयन और हेली-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में किए गए कार्यों को भी इस राष्ट्रीय मंच पर विशेष पहचान मिली है।

मुख्यमंत्री ने बताया सामूहिक प्रयास का नतीजा

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे प्रदेश की जनता, सरकारी टीम और एविएशन सेक्टर से जुड़े सभी हितधारकों की सामूहिक मेहनत का फल बताया।

“यह सम्मान उत्तराखंड की जनता, राज्य सरकार की टीम और एविएशन सेक्टर से जुड़े सभी हितधारकों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। राज्य सरकार भविष्य में चारधाम यात्रा को और अधिक सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल एवं तकनीक-समर्थ बनाने के साथ-साथ उत्तराखंड को देश का अग्रणी एविएशन और हेली-टूरिज्म हब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।” – पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान राज्य के लिए पर्यटन, निवेश, रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास के क्षेत्र में नए अवसरों के द्वार खोलेगा।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews