विदिशा पुलिस की नशे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने ड्रग पैडलरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने बैरसिया रोड पर ग्राम बगडरी के पास से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।

घेराबंदी के बाद गिरफ्तार किए गए इन तस्करों के पास से 40 ग्राम ब्राउन शुगर और एक हुंडई एक्सेंट कार जब्त की गई है। कुल मिलाकर 14 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है।

भागने की कोशिश में धराए

इस घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज के नेतृत्व में पुलिस की टीम की गश्त चल रही थी। पुलिस की गाड़ी को देखकर तीनों कार सवार घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे। इन्हें भागता हुआ देख पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

 

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

जब इन युवकों को पड़कर तलाशी ली गई तो उनके पास से 40 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई जिसकी कीमत 4 लाख रुपए बताई जा रही है। वहीं एक हुंडई एक्सेंट कार भी बरामद हुई है, जिसकी कीमत 10 लाख बताई जा रही है। इस तरह से 14 लाख का मशरूका जब्त हुआ है।

पुलिस ने 38 वर्षीय लोकेश धाकड़, 40 वर्षीय आशीष गुर्जर और 43 वर्षीय वीरेंद्र सिंह डांगी को गिरफ्तार किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार करंट के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामला दर्ज करने के बाद इन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से इन्हें रिमांड पर भेज दिया गया। अब पुलिस इनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ब्राउन शुगर का सप्लायर कौन है यह किसे सप्लाई किया जाने वाला था। सप्लाई चेन के पूरे नेटवर्क को खंगालने की कोशिश की जा रही है।