21 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, पूछताछ में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
agarmalwa police

Agarmalwa News : मध्य प्रदेश में सरकार की तमाम सख्तियों और पुलिस प्रशासन की लगातार कार्रवाइयों के बावजूद सूबे में नशे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। आलम ये है कि ये नशे के सौदागर बिना डरे लोगों में नशा सप्लाई कर रहे हैं। इसी कड़ी में आगर मालवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नशे की तस्करी करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 4 लाख 10 हजार 500 रुपये मूल्य का अवैध मादक पदार्थ (गांजा) व अन्य सामान जब्त किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति जिसने काली शर्ट और नीली जींस पहनी हुई है वह काले रंग की प्लेटिना बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर MP-70-MA-2583) पर पीछे एक धारीदार झोला बांधकर गंगापुर दाबडिया के रास्ते आगर आ रहा है। जिसमें मादक पदार्थ गांजा रखा हुआ है, सूचना के अनुसार, कोतवाली आगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नई कृषि उपज मंडी के आगे नरवल रोड़ आगर पर नाकाबन्दी की एवं मुखबिर द्वारा बताए गए विवरण के आधार पर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया।

पूछताछ में जुटी पुलिस

पुलिस ने बाइक चालक को रोककर जब उससे पूछताछ की तब उसने अपना नाम लविश पिता देवकरण शर्मा निवासी ग्राम उमरिया थाना सुसनेर बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के पीछे बंधे थैले की चेन खोलकर देखने पर उसमें हल्के पीले रंग की पारदर्शी प्लास्टिक की थैलियों में अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया। आरोपी के पास से नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ कर रही है कि यह किसको देने जा रहा था और कहाँ से लेकर आया था।
आगर मालवा से गौरव सरवारिया की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews