
आरआरबी लोको पायलट भर्ती परीक्षा (RRB ALP Exam) का आयोजन देशभर की विभिन्न शहरों में 3 से लेकर 5 नवंबर तक होने वाला है। इससे पहले रेलवे भर्ती बोर्ड ने अहम नोटिस जारी किया है। जिसके मुताबिक ओंगोल और नेल्लोर के एक केंद्र पर परीक्षा स्थगित की गई है। दोनों केंद्रों पर स्थगित परीक्षा का आयोजन 5 नवंबर को होने वाला है। यह कदम कुछ अपरिहार्य कारणों से उठाया गया है।
बाकी सभी केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समय पर ही आयोजित की जाएगी। प्रवेश पत्र जारी हो चुके हैं। जिसमें तारीख, समय, शिफ्ट इत्यादि की जानकारी उपलब्ध है। परीक्षा उम्मीदवार रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्म तिथि दर्ज करके हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं। स्थगित परीक्षा को लेकर प्रभावित उम्मीदवारों को एसएमएस और ईमेल पंजीकृत मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पर भेजा गया है।
ओंगोल के इस केंद्र पर परीक्षा स्थगित
ओंगोल में स्थित “नेशनल काउंसिल फॉर द चर्च सोशल एक्शन इंडिया” टीसी कोड 33430 पर 3 और 4 नवंबर को होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी गई है। दोनों तारीखों पर इसके केंद्र पर आयोजित होने वाली परीक्षा अब 5 नवंबर को होगी। वहीं परीक्षा केंद्र को बदलकर तिरुपति स्थित “iON डिजिटल जोन iDZ जू पार्क” टीसी कोड 9105 कर दिया गया है। इस केंद्र पर 5 नवंबर को आयोजित होने वाले परीक्षा के शेड्यूल और केंद्र में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नेल्लोर के इस केंद्र पर परीक्षा स्थगित
नेल्लोर में स्थित iON डिजिटल जोन iDZ पोट्टेपेलम टीसी कोड 35623 पर 3 नवंबर को होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी गई है। अब परीक्षा का आयोजन 5 नवंबर को इसी केंद्र पर किया जाएगा। हालांकि 4 नवंबर को होने वाली परीक्षा में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
परीक्षा के दिन रखें इन बातों का ख्याल
- उम्मीदवारों को परीक्षा के दिन समय का खास ख्याल रखने की सलाह दी जाती है। गेट बंद होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा से 30 मिनट पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे।
- परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ कलर पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ मूल फोटो आईडी कार्ड लाने की सलाह दी जाती है।
- प्रतिबंधित वस्तुओं के साथ उम्मीदवारों को एग्जामिनेशन हॉल में बैठने की अनुमति भी नहीं होगी।
- मोबाइल फोन, पेजर, घड़ी, इयरफोन, ब्लूटूथ सक्षम उपकरण, कैलकुलेटर, राइटिंग पैड समेत सभों इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन डिवाइस पर प्रतिबंध होगा।
- किताब, कलम, कागज, स्केल, पेंसिल, इरेज़र, बेल्ट, कैप, हैंडबैग, पर्स, कैमरा, पानी की बोतल, खाने-पीने की चीजें इत्यादि पर प्रतिबंध होगा।
- परीक्षा परिसर में उम्मीदवारों को पेन और रफशीट प्रदान किया जाएगा।

