सरकार ने इस जिले में कन्या महाविद्यालय खोलने से किया इनकार, कांग्रेस विधायक ने कही ये बात

सरकार ने इस जिले में कन्या महाविद्यालय खोलने से किया इनकार, कांग्रेस विधायक ने कही ये बात

अलीराजपुर, यतेंद्रसिंह सोलंकी। महिला दिवस के पूर्व जिले की बेटियों और महिलाओं के लिए एक मायूस करने वाली खबर सामने आई है। सरकार ने संसाधनों की कमी का हवाला देते हुए अलीराजपुर जिला मुख्यालय में कन्या महाविद्यालय (girls college) खोलने के लिए लिखित में स्पष्ट रूप से इंकार कर दिया है। इसके बाद विधायक मुकेश पटेल (mukesh patel) ने कहा है कि एक तरफ तो सरकार आए दिन महिलाओं और बेटियों के लिए बड़ी बड़ी घोषणाएं और वादे करती है, लेकिन आदिवासी बाहुल्य जिले की बेटियों और महिलाओं के हित में कन्या महाविद्यालय खोलने से पल्ला झाड रही है। विधायक ने कहा कि अगली बार कांग्रेस की सरकार बनेगी और वे सबसे पहले अलीराजपुर में कन्या महाविद्यालय खुलवाएंगे।

विधायक पटेल ने उठाया था सवाल, सरकार के मंत्री ने दिया ये जवाब
दरअसल ,बजट सत्र के दौरान विधायक मुकेश पटेल ने विधानसभा में लिखित रूप से उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव से सवाल किया कि अलीराजपुर में नवीन कन्या महाविद्यालय खोलने के लिए मेरे द्वारा उच्च शिक्षा विभाग को प्रस्ताव भेजा गया था, उस पर क्या कार्रवाई की गई और क्या आगामी सत्र तक कन्या महाविद्यालय संचालित कर दिया जाएगा। इसके जवाब में उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव ने लिखित रूप से जवाब दिया कि प्राप्त प्रकरण का परीक्षण किया गया। जिसमें पाया गया कि वर्तमान में कैचमेंट एरिया के 16 विद्यालयों में 12वीं उत्तीर्ण छात्राओं की संख्या 2532 है। अलीराजपुर और उसके क्षेत्राधिकार में कुल 4 महाविद्यालय है। जहां 2518 छात्राएं अध्ययनरत है। वर्तमान में संसाधनों की कमी के कारण अलीराजपुर में नवीन महाविद्यालय खोले जाने में कठिनाई है।

विधायक ने जताई हैरानी, बोले आदिवासियों की उपेक्षा क्यों
सरकार के इस जवाब पर विधायक पटेल ने हैरानी जताते हुए कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश के अन्य जिलो में कन्या महाविद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। लेकिन आदिवासी बाहुल्य अलीराजपुर जिले में कन्याओं के हित में महाविद्यालय खोलने में असमर्थता जता दी गई। सरकार ने संसाधनों की कमी और आंकड़ों की बाजीगरी दिखाकर पूरी तरह से पल्ला झाड़ लिया है। विधायक मुकेश पटेल ने जिले की बेटियों को संदेश देते हुए कहा कि आप चिंता नहीं करें, आगामी समय में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और सबसे पहले आलीराजपुर में कन्या महाविद्यालय खोलने का आदेश जारी करवाकर कन्या महाविद्यालय शुरू करवाऊंगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews