अवैध शराब से भरे वाहन ने खातेगांव टीआई दिलीप पुरी को कुचला, मौत, इंदौर-बैतूल हाईवे की घटना

देवास में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत, नेमावर रोड हाईवे पर ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बजाय बढ़ाई रफ्तार
Dewas

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक के नीचे आने से मौत हो गई। सोमवार तड़के इंदौर-बैतूल हाईवे पर नेमावर रोड के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान अवैध शराब ले जा रहे एक ट्रक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। ट्रक की चपेट में आने से टीआई दिलीप पुरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

ट्रक की चपेट में आए थाना प्रभारी

घटना रात करीब दो बजे की है। पुलिस को इलाके में अवैध शराब के परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद पांच से अधिक पुलिस टीमें बनाकर अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की जांच शुरू की गई। दिलीप पुरी भी अपनी टीम के साथ नेमावर रोड हाईवे पर पहुंचे थे। इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया। चालक ने रुकने के बजाय वाहन आगे बढ़ा दिया और थाना प्रभारी उसकी चपेट में आ गए।

Dewas

जानकारी के मुताबिक पुलिस की सूचना मिली थी कि अवैध शराब से भरा हुआ ट्रक हरदा की तरफ से आ रहा है, जो इंदौर होते हुए गुजरात जाने वाला है। इसी को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की गई थी। जब पुलिस की टीम संबंधित ट्रक को पकड़ने के लिए पहुंची तो टीआई ने चालक को नीचे उतरने को कहा। इस दौरान दोनों के बीच झूमाझटकी भी हुई और चालक ट्रक लेकर भागने की कोशिश करने लगा। इसी बीच वो नीचे गिर और ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया।

चालक को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि ट्रक में शराब का परिवहन किसके लिए किया जा रहा था और इस कारोबार से कौन लोग जुड़े हैं। इसके साथ ही घटना के समय चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई में थाना प्रभारी की जान जाने से पुलिस विभाग में शोक है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews