भोपाल में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से मचा हड़कंप, 4 सदस्यों के घर और मुखिया का रेलवे ट्रैक पर मिला शव

भोपाल के छोला थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से सनसनी फैल गई है। चार शव घर में मिले हैं, परिवार के मुखिया का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। पुलिस हत्या और आत्महत्या की आशंका सहित मामले की जांच कर रही है।
Bhopal Crime News

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां छोला थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी में पांच लोगों के शव मिलने से हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

बता दें कि ऐसी आशंका जताई जा रही है कि परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू ने पहले अपनी मां, पत्नी और दो बच्चों की धारदार हथियार से हत्या की। फिर खुद ने ट्रेन के सामने आकर खुदकुशी की है। नरेंद्र का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला। तो वहीं परिवार के अन्य चार लोगों के शव घर पर खून से लथपथ मिले हैं।

मृतकों की हुई पहचान, सिर-गले पर चोट के निशान

जानकारी अनुसार, मृतकों में नरेंद्र साहू (35), मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटा खुश साहू (6) शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे है। चारों शवों के सिर और गले पर चोट के निशान भी मिले हैं। धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

आर्थिक तंगी से जूझ रहा था परिवार

बता दें कि इस पूरे घटनाक्रम में आर्थिक तंगी की बात सामने आ रही है। नरेंद्र खाना बनाने का काम करता था। नरेंद्र पर काफी कर्ज था। परिवार पिछले करीब कई दिनों से परेशान चल रहा था। नरेंद्र ने 1 साल पहले कर्जे की वजह से अपना मकान बेचा बेचा था। मकान बेचने के बाद भी नरेंद्र का कर्जा नहीं चुका था। खबर है कि नरेंद्र पर करीब 40 लाख रुपये का कर्जा था। आशंका है कि कर्ज के कारण ही नरेंद्र ने यह खौफनाक कदम उठाया है।

जांच में जुटी पुलिस, घटनास्थल से जुटाये जा रहे साक्ष्य

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुये सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं। साथ ही, पुलिस आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के सामने आने के बाद ही मौतों की परिस्थितियों और पूरी वारदात का खुलासा हो सकेगा।

घटना पर बोले एडिशनल डीसीपी

एडिशनल डीसीपी संजीव पाठक ने घटनाक्रम को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होनें बताया कि शुरुआती जांच में परिवार के मुखिया पर कर्ज का दबाव और मानसिक तनाव होने की बात सामने आई है। परिवार का एक छोटा रेस्टोरेंट था, जो कुछ समय पहले बंद हो गया था। बताया गया है कि नरेंद्र पिछले 15 से 20 दिनों से कोई काम भी नहीं कर रहा था।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आर्थिक परेशानी का इस घटना से कोई संबंध था या नहीं। पुलिस के अनुसार, दो शव बेड पर मिले हैं। शुरुआती जांच में आशंका है कि घटना देर रात या आधी रात के आसपास हुई होगी। फिरहाल पुलिस अभी बारिकी से जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews