देवास टीआई दिलीप पुरी केस में आयशर मालिक गिरफ्तार, तीन शराब दुकानों के लाइसेंस निलंबित

शराब तस्करी से जुड़े मामले में आबकारी विभाग के अधिकारियों और शराब दुकानों पर भी कार्रवाई हुई है। मुख्यमंत्री ने घटना की निष्पक्ष जांच के निर्देश देते हुए अधिकारी के परिवार को आर्थिक सहायता और उनकी पत्नी को नौकरी देने की घोषणा की है।
Eicher Owner Arrested

देवास के खातेगांव में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत के मामले में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में आयशर वाहन की पायलटिंग करने के आरोप में केरसिंह को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, शराब तस्करी से जुड़े मामले में हरदा कलेक्टर ने टिमरनी स्थित तीन शराब दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमरसिंह बघेल सहित दो आबकारी आरक्षकों को भी निलंबित किया गया है।

इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले की जांच के लिए स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना होने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत थाना प्रभारी के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और उनकी पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति देने की घोषणा भी की है।

आयशर वाहन का मालिक गिरफ्तार

अलीराजपुर जिले के बेहड़वा गांव निवासी केरसिंह को गिरफ्तार किया गया है। उसपर अपनी स्लीपर कार से शराब लेकर जा रहे आयशर वाहन की पायलटिंग करने का आरोप है। मामले की जांच के दौरान शराब दुकानों और आबकारी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका भी कार्रवाई के दायरे में आई है। हरदा कलेक्टर ने पाटेंद्र जायसवाल की टिमरनी स्थित तीन शराब दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इसके अलावा सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमरसिंह बघेल और दो आबकारी आरक्षकों को भी निलंबित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने स्पेशल डीजी को सौंपी जांच

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टीआई दिलीप पुरी की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान थाना प्रभारी का दिवंगत होना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को जांच सौंपी है। साथ ही निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जांच के जरिए घटना की परिस्थितियों और उससे जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।

पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति, परिवार को एक करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री ने डॉ. मोहन यादव ने दिलीप पुरी के परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की हैं। उनकी पत्नी को एसआई के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी। वहीं, परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews