
TI Dilip Puri Death CM Dr. Mohan Yadav expresses grief
मध्य प्रदेश के देवास जिले में शराब के अवैध परिवहन को रोकने के दौरान अपनी जान गंवाने वाले खातेगांव थाने के TI दिलीप पुरी के निधन पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गहरा दुःख जताया है, उन्होंने विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बहादुर टीआई की पत्नी को एस आई एक पद पर अनुकंपा नियुक्ति और परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की है।
डॉ मोहन यादव ने X पर लिखा- देवास जिले के खातेगांव में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कर्तव्य निर्वहन करते हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी के दिवंगत होने का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश, स्पेशल DP उपेन्द्र जैन करेंगे घटना की जाँच
इस कठिन समय में शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ है। घटना की जांच के लिए स्पेशल DG उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया है। मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
टीआई की पत्नी को SI के पद पर अनुकंपा नियुक्ति, परिवार को 1 करोड़ सहायता राशि
वीर बलिदानी दिलीप पुरी की धर्मपत्नी को एसआई के पद पर अनुकंपा नियुक्ति एवं परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
अवैध शराब ले जा रहे ट्रक ने कुचला, दो महीने पहले ही खातेगांव हुआ था ट्रांसफर
गौरतलब है कि इंदौर-बैतूल हाईवे पर नेमावर रोड के पास रविवार सोमवार की दरमियानी रात हुई एक हृदयविदारक दुर्घटना में टी आई दिलीप पुरी की जान चली गई, वे अपनी टीम के साथ संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान अवैध शराब ले जा रहे एक ट्रक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। ट्रक की चपेट में आने से टीआई दिलीप पुरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टीआई पुरी धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम बरमंडल (राजोद) के रहने वाले थे। पुलिस सेवा में आने पहले उन्होंने करीब दो साल तक बदनावर तहसील के ग्राम दौतरिया में सरकारी स्कूल में शिक्षक के रूप में भी नौकरी की थी। उनका दो महीने पहले ही सतवास थाने से खातेगांव थाने में तबादला हुआ था।

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

