
Hitendra Budhaulia Ashoknagar
अशोकनगर जिले के वरिष्ठ पत्रकार हितेन्द्र बुधौलिया को भारत सरकार के संचार मंत्रालय के अंतर्गत डाक विभाग की पुनर्गठित हिंदी सलाहकार समिति में गैर-सरकारी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उन्हें अपने कोटे से समिति में नामित किया है।
भारत सरकार की ओर से जारी राजपत्र में डाक विभाग की हिंदी सलाहकार समिति के पुनर्गठन का संकल्प प्रकाशित किया गया है। समिति की अध्यक्षता केंद्रीय संचार मंत्री करेंगे, जबकि केंद्रीय संचार राज्य मंत्री इसके उपाध्यक्ष होंगे।
सांसदों के साथ पत्रकार और हिंदी से जुड़े प्रतिनिधि भी शामिल
समिति में लोकसभा और राज्यसभा के कई सांसदों के साथ स्वैच्छिक हिंदी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, पत्रकारों और विद्वानों को जगह दी गई है। सांसदों में तापीर गाओ, नरेश गणपत म्हस्के, डॉ. मेधा विश्राम कुलकर्णी, दोरजी त्सेरिंग लेप्चा, चुन्नीभाई पटेल और शंकर लालवानी सहित अन्य नाम शामिल हैं।
इसी समिति में संचार मंत्री द्वारा नामित गैर-सरकारी सदस्यों में अशोकनगर के हितेन्द्र बुधौलिया को शामिल किया गया है। केंद्रीय डाक विभाग के राजभाषा अनुभाग की ओर से उनके मनोनयन से संबंधित औपचारिक पत्र और राजपत्र की प्रति भी भेजी गई है।
डाक भवन में होगी समिति की बैठक
पुनर्गठित समिति की आगामी बैठक नई दिल्ली स्थित डाक भवन में आयोजित की जाएगी। हिंदी सलाहकार समिति विभाग में राजभाषा हिंदी के प्रयोग और उससे जुड़े विषयों पर सलाह देने का काम करती है।
हितेन्द्र बुधौलिया के मनोनयन पर अशोकनगर के पत्रकारों, साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों ने उन्हें बधाई दी है।

