
Brijendra Singh Yadav
“मैं यहां भाषण देने या सुनाने नहीं आया हूं। जब तक लोगों की समस्याओं का निराकरण नहीं होगा, तब तक मैं यहां से नहीं जाऊंगा, चाहे रात हो जाए।” पिपरई के खुजराई गांव में लगे जन विश्वास अभियान शिविर में मुंगावली विधायक बृजेंद्र सिंह यादव ने अधिकारियों को दो टूक कह दिया। शिविर में लोगों की समस्याओं के निराकरण को लेकर विधायक नाराज नजर आए और उन्होंने अधिकारियों से मौके पर ही समाधान करने को कहा।
विधायक ने स्पष्ट किया कि जन विश्वास शिविर लगाने का उद्देश्य सिर्फ लोगों की शिकायतें सुनना या आवेदन लेना नहीं है। जिन समस्याओं का समाधान मौके पर हो सकता है, उनका वहीं निराकरण होना चाहिए। उन्होंने कहा “जन विश्वास शिविर का मतलब मौके पर निराकरण है। निराकरण के बाद ही मैं यहां से जाऊंगा। निराकरण क्यों नहीं हुआ, यह सवाल भी करूंगा।”
समाधान नहीं तो जवाब भी देना होगा
शिविर में विधायक बृजेंद्र सिंह यादव का जोर इस बात पर रहा कि शिकायत लेकर पहुंचे लोगों को सिर्फ आश्वासन देकर वापिस न भेजा जाए। उन्होंने अधिकारियों से लंबित समस्याओं पर जवाब मांगा और साफ कर दिया कि जिन मामलों का निराकरण नहीं हुआ है, उनकी वजह भी बतानी होगी।
निराकरण बिना नहीं जाएंगे वापिस
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जन विश्वास अभियान के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं के निराकरण की व्यवस्था की गई है। खुजराई के शिविर में विधायक बृजेंद्र सिंह यादव ने इसी व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के सामने सवाल उठाए। उनका कहना था कि जब लोग अपनी समस्या लेकर शिविर तक पहुंचे हैं तो जहां संभव हो, उन्हें समाधान भी यहीं मिलना चाहिए।
विधायक ने अधिकारियों को साफ कर दिया कि वे समस्याओं का निराकरण कराए बिना शिविर से जाने वाले नहीं हैं। जरूरत पड़ी तो रात तक वहीं बैठेंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन शिकायतों का समाधान नहीं हो सका, उनमें संबंधित अधिकारी से पूछा जाएगा कि आखिर निराकरण क्यों नहीं हुआ है।

