मंत्र पढ़ता, इत्र लगाता और छात्राओं को घूरता…अशोकनगर में तांत्रिक युवक का काला सच इस तरह हुआ बेनकाब

मध्यप्रदेश के अशोकनगर में लड़कियों को आकर्षित करने के नाम पर तंत्र-मंत्र और इत्र का सहारा लेने वाला युवक पुलिस के हत्थे चढ़ा है। नाबालिग छात्राओं का पीछा कर डराने-परेशान करने की शिकायत के बाद आरोपी को जेल भेजा गया।
ashoknagar news

मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले से सामने आया यह मामला न सिर्फ हैरान करता है बल्कि समाज में फैल रहे अंधविश्वास और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े करता है। यहां एक युवक लड़कियों को रिझाने और अपनी ओर आकर्षित करने के लिए तंत्र-मंत्र और इत्र का इस्तेमाल कर रहा था। वह खुद को सिद्ध शक्तियों वाला बताता था और मंत्र पढ़ते हुए नाबालिग छात्राओं का पीछा करता था। इस घटना से छात्राओं और उनके परिजन दहशत में आ गए थे। लगातार शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

कैसे सामने आया छात्राओं को परेशान करने का मामला

यह मामला अशोकनगर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। बीते कुछ दिनों से स्थानीय स्कूल की नाबालिग छात्राओं ने अपने परिजनों को बताया कि एक अज्ञात युवक रोज़ उनका पीछा कर रहा है। युवक कभी सड़क पर तो कभी स्कूल के आसपास इत्र लगाकर घूमता रहता था और कुछ बुदबुदाते हुए मंत्र भी पढ़ता था। शुरुआत में छात्राओं को यह अजीब लगा लेकिन धीरे-धीरे यह डर और परेशानी का कारण बन गया।

लगातार तीन दिनों तक इस तरह की हरकतें होने के बाद छात्राओं के परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी बात बताई। परिजनों ने आशंका जताई कि युवक का व्यवहार सामान्य नहीं है और इससे बच्चों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करने का फैसला किया।

पुलिस ने स्कूल के पास से आरोपी को दबोचा

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि बुधवार को पुलिस टीम छात्राओं के परिजनों के साथ स्कूल पहुंची। वहां पहले से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। कुछ ही देर में वही युवक दिखाई दिया जिसकी पहचान बाद में विशाल रघुवंशी के रूप में हुई।

पुलिस ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी घबराया हुआ नजर आया और गोल-मोल जवाब देने लगा। इसके बाद जब उसकी तलाशी ली गई तो पुलिस को उसके पास से तंत्र-मंत्र से जुड़ी किताबें और कई इत्र की बोतलें मिलीं।

इत्र और मंत्र को बताता था ‘सिद्ध’

पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान जब एक इत्र की बोतल उठाई गई तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि उसे न छुआ जाए, क्योंकि वह “सिद्ध” है। आरोपी का दावा था कि वह इत्र लगाकर मंत्र पढ़ता है जिससे लड़कियां उसकी ओर आकर्षित हो जाती हैं। उसने यह भी कबूल किया कि वह इसी विश्वास के चलते स्कूल जाने वाली छात्राओं का पीछा करता था।

पुलिस ने जब आरोपी के बारे में और जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह लंबे समय से तंत्र-मंत्र में भरोसा करता है। उसके दोस्तों ने भी बताया कि वह अक्सर इत्र लगाकर अजीब हरकतें करता था और खुद को खास शक्तियों वाला बताता था।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews