
AI Generated Image
फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को बचत का बेहतर माध्यम माना जाता है। फेस्टिव सीजन में कई लोग इसमें निवेश करना पसंद करते हैं। दिवाली नजदीक है, इससे पहले देशभर के बड़े बैंकों ने ब्याज दरों में बदलाव करना भी शुरू कर दिया है। बैंक ऑफ इंडिया (BOI) ने इंटरेस्ट रेट में बढ़ोत्तरी की है। वहीं केनरा बैंक ने भी दरों में बदलाव का ऐलान कर दिया है। नए रेट 2 नवंबर से लागू हो चुके हैं।
बैंक ऑफ इंडिया बदलाव के बाद 7 दिन से लेकर 10 साल तक के एफडी पर कम से कम 3% और अधिकतम 8.25% ब्याज दे रहा है। 1 साल के लिए इंटरेस्ट रेट को बढ़ाकर 6.55% कर दिया है। एक साल से अधिक और 3 साल से कम के टेन्योर पर बैंक 6.65% ब्याज ऑफर कर रहा है। बैंक ने नई एफडी स्कीम भी लॉन्च की है। वहीं स्टार स्वर्णिम योजना को बंद कर दिया गया है। केनरा बैंक अब सामान्य नागरिकों को 3% से लेकर 6.75% इंटरेस्ट ऑफर कर रहा है।
वरिष्ठ नागरिकों को मिल रहा अतिरिक्त ब्याज
दोनों ही बैंक वरिष्ठ नागरिकों को एडिशनल इंटरेस्ट की सुविधा दे रहे हैं। केनरा बैंक 0.50% अतिरिक्त ब्याज वरिष्ठ नागरिकों को दे रहा है, अधिकतम ब्याज 7.25% है। बैंक ऑफ़ इंडिया 60 से लेकर 80 साल से कम आयु वर्ग के लोगों को 0.50% और सुपर सीनियर सिटीजंस यानि 80 साल या इससे अधिक आयुवर्ग के लोगों को 0.65% अतिरिक्त ब्याज की सुविधा दे रहा है। इसके लिए कुछ शर्ते भी लागू हैं। निवेश से पहले ग्राहकों को संबंधित बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी शाखा विजिट करने की सलाह दी जाती है।
BOI की नई एफडी स्कीम लॉन्च
बैंक ऑफ़ इंडिया ने BOI अक्षय फिक्स्ड डिपॉजिट नाम की स्पेशल एफडी स्कीम लॉन्च की है, जिसमें 500 दिन के टेन्योर पर सामान्य नागरिकों को 6.50% ब्याज मिल रहा है। वरिष्ठ नागरिकों को 7.35% रिटर्न मिल रहा है। इसमें कम से कम 10,000 रुपये का निवेश किया जा सकता है। इसके अलावा बैंक 1 साल से लेकर 2 साल से कम, 2 साल से लेकर 3 साल से कम और 3 साल के एफडी पर 6.70% ब्याज ऑफर कर रहा है।

केनरा बैंक एफडी रेट्स
केनरा बैंक भी दो स्पेशल एफडी स्कीम ऑफर कर रहा है। 555 दिन के टेन्योर पर अधिकतम ब्याज मिल रहा है। सामान्य नागरिकों के लिए इंटरेस्ट रेट 6.75% और वरिष्ठ नागरिकों के लिए 7.25% है। 444 दिन के टेन्योर पर 6.65% ब्याज बैंक ऑफर कर रहा है। 1 साल 3 महीने से अधिक और 10 साल तक के सभी टेन्योर पर 6.25% ब्याज मिल रहा है।


