
Electricity company lineman arrested taking bribe in Ashoknagar
मध्य प्रदेश में घूसखोरों पर लगातार हो रहे एक्शन के बाद भी रिश्वतखोरी कम नहीं हो रही, इस बार लोकायुक्त पुलिस की टीम ने बिजली कंपनी के लाइनमेन (हेल्पर) को रंगे हाथ पकड़ा है वो एक आवेदक से आटा चक्की में मीटर लगाने के बदले 5000/- रुपये रिश्वत ले रहा था।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर निरंजन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि अशोकनगर जिले के ग्राम कुकरेथा तहसील पिपरई के रहने वाले किसान श्रीराम बैरागी ने एक शिकायती आवेदन दिया था जिसमें उन्होंने बिजली कंपनी के लाइनमेन पर 10,000 /- रुपये रिश्वत मांगने के आरोप लगाये थे।
आवेदक श्रीराम बैरागी ने 3 अगस्त को दिए आवेदन में बताया कि वो किसान है और गांव में ही आटा चक्की लगाकर आय का एक और स्रोत बना रहा है, उसके लिए मीटर लगाने हेतु उसने बिजली कंपनी प्रबंधक अशोकनगर के कार्यालय में आवेदन दिया था यहां पदस्थ लाइनमेन बाबूराम पटेल ने उससे मीटर लगाने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायत सत्यापन के दौरान ही ले लिए 5000/- रुपये
रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिलने के बाद इसका सत्यापन कराया गया, एसपी के निर्देश पर जब शिकायत का सत्यापन कराया गया तो उसने इसी दौरान आवेदक से 5000/- रुपये ले लिए और शेष राशि 5000/- आज देने के लिए कहा, लोकायुक्त ग्वालियर की टीम उसे लेकर अशोकनगर पहुंची।
लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर की टीम ने रंगे हाथ पकड़ा
ट्रैप प्लान के तहत टीम ने शिकायतकर्ता किसान श्रीराम बैरागी को बिजली कंपनी प्रबंधक कार्यालय अशोकनगर में भेजा, वहां लाइनमेन ने उसे बिल काउंटर कक्ष में बुलाया और 5000/- रुपये ले लिए , उसने जैसे ही रिश्वत की राशि ली लोकायुक्त पुलिस की टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर जाँच में ले लिया है।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

