
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में अपनी तनख्वाह काटे जाने से नाराज होकर प्रदर्शन कर रहे मजदूरों की वजह से रास्ते पर भारी हंगामा देखने को मिला।
दरअसल यह पूरी घटना सरई थाना इलाके के खनुआ नवा मुख्य तिराहे पर हुई है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसके बाद से पूरे इलाके में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल काफी तेज हो गई है।
तनख्वाह घटने से परेशान थे मजदूर
पूरी जानकारी के मुताबिक एपीएमडीसी कंपनी के अंडर काम करने वाली परफेक्ट सिक्योरिटी के लगभग 66 मजदूर अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे थे। मजदूरों का कहना है कि नई कंपनी आने के बाद उनकी तनख्वाह अचानक घटा दी गई है। तनख्वाह कम होने से मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का बड़ा संकट खड़ा हो गया था। इसी बात से परेशान होकर मजदूरों ने सुबह 11 बजे से लेकर रात 1 बजे तक सरई-गजराबहरा रास्ते पर काम बंद करके पूरी तरह जाम लगा दिया था।
जाम खुलवाने को लेकर हुआ हंगामा
सड़क पर लंबा जाम लगने की खबर जैसे ही सरई थाना पुलिस को मिली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने मजदूरों को समझा-बुझाकर रास्ता खाली करवाने की काफी कोशिश की। बातचीत के दौरान ही पुलिस और प्रदर्शन कर रहे मजदूरों के बीच विवाद बढ़ गया।

