
कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने देवास में अवैध शराब तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत को लेकर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने मध्यप्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि गृह मंत्री का अतिरिक्त प्रभार भी मुख्यमंत्री के पास है, लेकिन प्रदेश में कानून का इकबाल खत्म हो चुका है और माफियाराज कायम हो गया है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश में अवैध रेत उत्खनन, खनन माफिया, जहरीली शराब माफिया और वन माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे प्रशासनिक अधिकारियों पर जानलेवा हमले कर रहे हैं। उन्होंने दिवंगत टीआई के परिजन को शासकीय सेवा में नियुक्ति देने और उचित मुआवजा राशि प्रदान करने की मांग की है।
अवैध शराब परिवहन रोकने के दौरान टीआई को कुचला
देवास जिले में सोमवार तड़के इंदौर-बैतूल हाईवे पर नेमावर रोड के पास अवैध शराब परिवहन की सूचना मिलने पर पुलिस की अलग-अलग टीमें वाहनों की जांच कर रही थीं। इसी दौरान एक संदिग्ध आयशर वाहन को रोकने की कोशिश में खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को वाहन ने कुचल दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
डीजीपी करेंगे जांच, तीन लोग हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी उपेंद्र जैन को मामले की जांच सौंपी गई है। वहीं, देवास पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अवैध शराब परिवहन के नेटवर्क और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
जांच के दौरान हरदा के शराब कारोबारी और कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल का नाम भी सामने आने की जानकारी है। उनके मैनेजर से पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। इसे लेकर भाजपा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से भी सवाल पूछे हैं।
टीआई के परिजन को नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग
जयवर्धन सिंह ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती माफिया गतिविधियों पर चिंता जताते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की है। कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की है कि दिवंगत टीआई के परिजन को शासकीय सेवा में नियुक्ति दी जाए और उन्हें उचित मुआवजा राशि प्रदान की जाए।
माननीय मुख्यमंत्री जी, गृह मंत्री का अतिरिक्त प्रभार आपके पास है लेकिन प्रदेश में कानून का इकबाल खत्म हो चुका है और माफियाराज कायम हो गया है!
देवास में अवैध शराब तस्करी रोकने पहुँचे TI को ट्रक से कुचल दिया गया। क्या यह कोई सामान्य घटना है?
अवैध रेत उत्खनन, खनन माफिया, जहरीली शराब…— Jaivardhan Singh (@JVSinghINC) November 2, 2026
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

