
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के बाद अब नए तूफान ‘मुरासु’ का मध्य प्रदेश पर असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 5 नवंबर तक प्रदेश कई हिस्सों में फिर बारिश की संभावना जताई गई है। इसका ज्यादा असर जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग के जिलों में देखने को मिलेगा।
सोमवार को जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, कटनी, उमरिया, अनूपपुर, शहडोल, मैहर, सीधी और सिंगरौली में बारिश होने की संभावना है। भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
रविवार, 1 नवंबर को , अनूपपुर, शहडोल, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना उमरिया, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, मैहर और पांढुर्णा में बूंदाबांदी हुई। दमोह में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल, शाजापुर और बालाघाट में पारा 15 डिग्री के आसपास रहा।
क्या कहता है एमपी का मौसम विभाग
मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना गंभीर चक्रवाती तूफान “मुरासु” अब खतरनाक रूप ले चुका है और आंध्र प्रदेश तट के बेहद करीब पहुंच गया है। यह आज रात 11:30 बजे से 3 नवंबर की सुबह 4 बजे के बीच ओंगोल के पास, नेल्लोर और नरसापुर के बीच दक्षिण आंध्र तट को पार करेगा।इस दौरान 100 से 110 किमी प्रति घंटे की तेज हवा चलेगी, जो झोंकों में 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इन मौसम प्रणालियों के असर से दक्षिण-पूर्वी हिस्से में 5 नवंबर तक बादल, बारिश और तेज हवा की स्थिति बनी रहेगी, लेकिन पश्चिमी और मध्य हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। हालांकि नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड बढ़ने के आसार हैं। खास करके ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के असर से तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिलेगी।
इस बार कैसा रहा एमपी में मानसून
बता दें कि इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून 24 जून से 3 अक्टूबर 2026 यानि 100 दिन मध्य प्रदेश में सक्रिय रहा। प्रदेश में सामान्य बारिश का आंकड़ा 37.3 इंच है लेकिन इस अवधि में 35.8 इंच (95.9%) बारिश हुई। इन आंकड़ों के हिसाब से इस साल प्रदेश में करीब 4% यानि 1.5 इंच बारिश कम हुई। प्रदेश के 25 जिलों में बारिश का कोटा पूरा हो गया लेकिन 30 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। पूर्वी हिस्से में 4% ज्यादा पानी गिरा, लेकिन पश्चिमी हिस्से में औसत से 12% कम बारिश हुई।

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

