
मध्य प्रदेश में हर जगह दिवाली से पहले खाद्य विभाग की सख्ती देखने को मिल रही है। सभी जिलों में प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर टीम जांच पड़ताल कर रही है। इसी कड़ी में बड़वानी में भी कार्रवाई देखने को मिली। विभाग ने बाजार में खाद्य पदार्थों और मिठाइयों की जांच का अभियान तेज कर दिया है।
मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम राजघाट रोड स्थित शहर की दो मिठाई की दुकानों और एक डेयरी प्लांट पर औचक निरीक्षण के लिए पहुंची। टीम ने तीनों जगह से कुल 11 नमूने लिए हैं।
दो दुकानों से लिए गए नमूने
ये टीम शहर के राजा स्वीट्स और जम्बू मिष्ठान पर जांच पड़ताल के लिए पहुंची। राज स्वीट्स से मलाई बर्फी, सोन पपड़ी, बेसन के लड्डू और सेव के नमूने लिए। वहीं जंबू मिष्ठान से केसर पेड़ा, मावा मिठाई, सोन पपड़ी और सेव के नमूने लिए। इस तरह से 8 नमूने कलेक्ट किए गए।

डेयरी से लिए मावा, घी और दूध के सैंपल
ये टीम भारत दूध डेयरी प्लांट का निरीक्षण करने भी पहुंची। यहां से दूध, मावा और घी के नमूने लिए गए। तहसीलदार राहुल सोलंकी ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए जांच पड़ताल की जा रही है। ये जांच लगातार जारी रहेगी।

लैब भेजे जाएंगे नमूने
दोनों दुकान और डेयरी से टीम ने जो सैंपल कलेक्ट किए हैं। उन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। इनकी रिपोर्ट में अगर खाद्य पदार्थों के निर्धारित मानकों का उल्लंघन मिलेगा तो नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

