कॉलेजों में निष्पक्ष चुनाव कराने और PPP मोड पर बनाए जा रहे मेडिकल कॉलेज के खिलाफ बैतूल में गुरुवार को NSUI कार्यकर्ताओं और कांग्रेस पदाधिकारियों ने कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को कलेक्टर कार्यालय में प्रवेश करने से रोकने के लिए पुलिस ने कार्यालय के पास बैरिगेड लगाए थे। जिसे देखकर प्रदर्शनकारी आक्रोशित हो गए और उन्हें पार करने की कोशिश करने लगे।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी बैरिगेड को गिराकर आगे बढ़ गए। इस दौरान पुलिस जवानों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारी कलेक्टर कार्यालय के पोर्च में पहुंचकर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों के प्रदेश सरकार और जिले के भाजपा नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की।
महिलाओं पर लाठी चलाने के आरोप
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान एक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता पर लाठी चलाई। इसे लेकर भी कार्यकर्ताओं में नाराजगी दिखाई दी। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन देने पहुंचे। उन्होंने यह भी मांग की थी कि जब तक कलेक्टर मौके पर आकर उनका ज्ञापन नहीं लेंगे, तब तक वे कलेक्टर कार्यालय के पोर्च में बैठकर प्रदर्शन जारी रखेंगे।

एक घंटे बाद कलेक्टर ने की मुलाकात, प्रदर्शन खत्म
करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद कलेक्टर ने NSUI कार्यकर्ताओं और कांग्रेस पदाधिकारियों से मुलाकात की। कलेक्टर ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा करने के बाद उनका आवेदन लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना प्रदर्शन खत्म कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान कलेक्टर कार्यालय परिसर में पुलिस का बल तैनात रहा। बैरिगेड हटाए जाने और धक्का-मुक्की के बाद कुछ समय के लिए मौके पर तनाव की स्थिति भी बनी रही। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शन खत्म कराया।
वाजिद खान की रिपोर्ट






