वीडी शर्मा का भिंड में हमला, बोले- चुनाव आते ही कांग्रेस ने अपनी झूठ, छल और कपट की रणनीति फिर शुरु कर दी है

MP Election 2023, BJP State President VD Sharma

MP Election 2023 : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने आज शुक्रवार को पार्टी प्रत्याशी नरेंद्र सिंह कुशवाह के समर्थन में भिंड के नयागांव में एक आमसभा को संबोधित किया, उन्होंने मंच से अपने चिर परिचित अंदाज में दिग्विजय सिंह को मिस्टर बंटाढार और कमलनाथ को मिस्टर करप्शननाथ कहकर संबोधित किया और कांग्रेस पर जमकर हमला किया, उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही कांग्रेस ने अपनी झूठ, छल और कपट की रणनीति को फिर से शुरु किया है जिससे सबको सावधान रहना है।

मुझे मालूम है कांग्रेस शासन में भिंड का क्या हाल था, मैं भी यहीं का हूँ : वीडी शर्मा 

वीडी शर्मा ने कहा कि इस चंबल अंचल का कांग्रेस की सरकार में क्या हाल था सब जानते हैं मैं भी इसी क्षेत्र से आता हूँ , शाम को 6 बजे के बाद सबको घर में आने की हिदायत थी, बिजली सड़क का पता नहीं था, कांग्रेस की सरकारों ने गरीबी हटाने के बड़े बड़े वादे किये लेकिन क्या हुआ सब जानते हैं, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकल्प लिया है कि कोई भी गरीब भूखा नहीं सोयेगा , हर गरीब के सिर पर छत होगी, कांग्रेस ने नेता चाहे राहुल हो या कमलनाथ ये क्या जाने गरीबी क्या होती है , मोदी जी ने देखी है इसलिए वे गरीबों की चिंता करते है और कांग्रेस गरीब के नाम पर राजनीति करती है।

कांग्रेस ने फिर शुरू कर दी झूठ, छल और कपट की रणनीति, सावधान रहिये 

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव आते ही कांग्रेस ने अपनी झूठ, छल और कपट की रणनीति को फिर से शुरु किया है। जनता से झूठे वादे कर सत्ता में आना और सत्ता हासिल करते ही दलालों, भ्रष्टाचारियों और अपराधियों को संरक्षण देकर जनता का हक लूटना कांग्रेस की आदत है। लेकिन आपको इससे सावधान रहना है।

वीडी बोले – जब कांग्रेस वोट मांगने आयें तो पूछना आपने क्या किया ?

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भिण्ड विधानसभा की जनता से मेरा निवेदन है कि जब ये कांग्रेसी आपके घर वोट मांगने आये तो पूछियेगा कि सालों तक देश और मध्यप्रदेश पर राज करने के बाद भी गरीबों के लिए उन्होंने क्यों कुछ नहीं किया। आखिर क्यों 15 माह की करप्शननाथ ने गरीबों के अधिकार छीन लिये थे?

पीएम मोदी ने गरीबों को सम्मानपूर्वक जीने का अधिकार दिया 

उन्होंने कहा कि आज़ादी के सात दशक बाद यदि किसी प्रधानमंत्री ने गरीबों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए कदम उठाये हैं तो वो हमारे नेता नरेंद्र मोदी हैं। भाजपा सरकार की गरीबहितैषी नीतियों का परिणाम है कि करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर निकलकर सम्मानपूर्वक जीवन जी रहे हैं।

आखिर राममंदिर से कांग्रेस नेताओं को इतनी चिढ़ क्यों है?

उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने शुरुआत से ही भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल खड़े किये और राम मंदिर निर्माण का विरोध कर भाजपा की प्रतिबद्धता का मजाक बनाया था। दुर्भाग्य की बात है कि राम मंदिर के होर्डिंग का कांग्रेस विरोध कर रही है। आखिर राममंदिर से कांग्रेस नेताओं को इतनी चिढ़ क्यों है? इसलिए मेरा भिण्ड विधानसभा की जनता से निवेदन है कि धर्म, देश और जनविरोधी कांग्रेसियों को इस विधानसभा चुनाव में वोट की चोट से करारा जवाब दें। भाजपा को प्रत्येक बूथ पर भारी मतों से विजयी बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करें।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews