नापतौल निरीक्षक ने पेट्रोल पंप संचालक से ली रिश्वत, लोकायुक्त पुलिस ने सरकारी कार्यालय से रंगे हाथ पकड़ा

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशों के बाद से लोकायुक्त पुलिस मध्य प्रदेश में लगातार घूसखोरों को रंगे हाथ पकड़ रहा है, डीजी योगेश देशमुख लगातार निगरानी कर रहे हैं।
Gwalior Lokayukta police arrested Bhind weights and measures inspector taking bribe

Gwalior Lokayukta police arrested Bhind weights and measures inspector taking bribe

ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने भिंड जिले में पदस्थ नापतौल निरीक्षक को एक पेट्रोल पंप संचालक से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवार्फान अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जाँच में ले लिया है।

ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा से मिली जानकारी के मुताबिक भिंड जिले के ग्राम पुर तहसील भिंड निवासी तेजनारायण सिंह ने 25 मई को एक शिकायती आवेदन उन्हें दिया था जिसमें नापतौल निरीक्षक पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाये थे।

पेट्रोल पंप की स्टंपिंग के लिए मांगी 50 हजार रिश्वत 

शिकायतकर्ता तेजनारायण ने बताया कि वो एक पेट्रोल पंप का संचालन करते हैं, उन्हें अपने पेट्रोल पंप की स्टंपिंग करानी थी तो उन्होंने इसके लिए आवेदन नापतौल विभाग भिंड में पदस्थ निरीक्षक सौरभ शर्मा को दिया, सौरभ शर्मा ने   इस काम के बदले 50 हजार रुपये की मांग की है।

पहली क़िस्त 22,500 ले चुका था नापतौल निरीक्षक  

शिकायत मिलने के बाद इसका सत्यापन कराया गया ,26 मई को जब शिकायतकर्ता तेजनारायण ने नापतौल  निरीक्षक सौरभ शर्मा से बात की तो उन्होंने उस दौरान उससे पहली क़िस्त 22,500/- रुपये ले लिए और शेष रकम सोमवार या मंगलवार को देने के लिए कहा।

जैसे ही रिश्वत ली, लोकायुक्त पुलिस ने पकड़ लिया 

सबूत मिलने के बाद ट्रैप प्लान की गई, प्लान के तहत लोकायुक्त टीम ने शिकायतकर्ता पेट्रोल पंप संचालक तेजनारायण को नापतौल निरीक्षक सौरभ शर्मा के पास रिश्वत की राशि के साथ भेजा, उसने जैसे ही 27,500/- रुपये निरीक्षक को दिए लोकायुक्त पुलिस की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया और उससे रकम बरामद कर ली। लोकायुक्त टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर जाँच में ले लिया है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews