All India Motor Transport Congress ने सीएम मोहन यादव को दी चेतावनी, 9 जुलाई तक MP की सभी परिवहन चेक पोस्ट बंद नहीं हुए तो ठप हो जायेगा सड़क परिवहन संचालन

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने लिखा कि 9 जुलाई को ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस की कार्यकारिणी की बैठक पोंडिचेरी में हो रही है यदि उससे पहले मध्य प्रदेश की परिवहन चौकियां बंद नहीं हुई तो भारत का सड़क परिवहन समुदाय मध्य प्रदेश में सड़क परिवहन संचालन बंद करने का निर्णय लेगा। 
All India Motor Transport Congress ने सीएम मोहन यादव को दी चेतावनी, 9 जुलाई तक MP की सभी परिवहन चेक पोस्ट बंद नहीं हुए तो ठप हो जायेगा सड़क परिवहन संचालन

All India Motor Transport Congress : अपर परिवहन आयुक्त उमेश जोगा द्वारा जारी पत्र की गूंज दिल्ली तक पहुंच गई है, पत्र में मप्र परिवहन विभाग के अपर आयुक्त ने अधिकारियों को चेक पोस्ट पर कोई भी प्राइवेट व्यक्ति नजर नहीं आने की हिदायत दी है,  लेकिन इस पत्र के बाद से ही सियासत शुरू हो गई है, प्रदेश में कांग्रेस, भाजपा सरकार पर हमलावर है अब ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने भी मुख्यमंत्री को चेतावनी भरे अंदाज में एक पत्र लिखा है और परिवहन सीमा चौकियां यानि चेक पोस्ट बंद करने का वादा याद दिलाया है।

ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के अध्यक्ष, चेयरमैन और चेक पोस्ट के भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए बनी समिति के चेयरमैन के हस्ताक्षर से आज एक पत्र जारी किया गया है , मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नाम लिखे इस पत्र में कहा गया है कि आपने आश्वासन दिया था कि चुनाव बाद जून में मध्य प्रदेश की सभी परिवहन चौकियां बंद कर दी जायेंगी लेकिन ये अभी तक बंद नहीं हुई।

अपर परिवहन आयुक्त के पत्र के बाद एक्शन में ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस

ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने आगे अपर परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के 25 जून को लिखे गए पत्र का हवाला देते हुए कहा कि उक्त पत्र पुष्टि करता है कि ये जाँच चौकियां अभी जारी है और ये भ्रष्टाचार और उत्पीडन का केंद्र बनी हुई हैं, इस पत्र से हमें हैरानी और शर्मिंदगी हुई कि अवैध वसूली के अड्डे बनी ये परिवहन चौकियां अभी भी जारी है।

ट्रांसपोर्ट कांग्रेस बोली- ये परिवहन चौकियां सरकार की छवि धूमिल कर रहीं 

ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने कहा कि हमारे प्रतिनिधियों की आपके साथ हुई बैठक में आपने भी माना था कि इन चौकियों पर मौजूद प्राइवेट व्यक्ति भ्रष्टाचार में लिप्त रहते हैं, ड्राइवर क्लीनर से मारपीट, अभद्र व्यवहार करते हैं इससे आपकी सरकार की छवि धूमिल हो रही है साथ ही प्रधानमंत्री के भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने के सपने को ठेस पहुंच रही है।

चेक पोस्ट बंद नहीं होने पर 9 जुलाई के बाद बड़े आंदोलन की चेतावनी 

पत्र में आगे लिखा कि भ्रष्टाचार और अवैध वसूली से परिवहन समुदाय में बहुत गुस्सा है, इसलिए इन्हें तत्काल बंद किया जाये, एसोसिएशन पदाधिकारियों ने लिखा कि 9 जुलाई को ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस की कार्यकारिणी की बैठक पोंडिचेरी में हो रही है यदि उससे पहले मध्य प्रदेश की परिवहन चौकियां बंद नहीं हुई तो भारत का सड़क परिवहन समुदाय मध्य प्रदेश में सड़क परिवहन संचालन बंद करने का निर्णय लेगा।

अपर परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने ये लिखा है पत्र में 

आपको बता दें कि मध्य प्रदेश परिवहन विभाग के अपर परिवहन आयुक्त सीनियर IPS उमेश जोगा ने 25 जून को एक पत्र जारी किया जिसमें उन्होंने विभागीय अफसरों को निर्देश दिए कि परिवहन चैक पोस्ट पर प्राइवेट व्यक्तियों की मौजूदगी की शिकायतें मिल रही हैं  ऐसा कोई भी प्राइवेट व्यक्ति वहां नहीं होना चाहिए। अधिकारी आकस्मिक निरीक्षण करें और विभाग को रिपोर्ट करें, यदि फिर भी वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण चौकियों पर प्राइवेट व्यक्ति मिले तो चौकी प्रभारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस पत्र के बाद से ही बवाल मचा हुआ है। 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews