Hindi News

डिजिटल और पारदर्शी प्रक्रिया से होगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भर्ती, मंत्री निर्मला भूरिया ने की ये अपील

Written by:Atul Saxena
Published:
इस प्रक्रिया में इच्छुक महिलाएं MP Online के चयन पोर्टल https://chayan.mponline.gov.in पर अपना आवेदन कर सकेंगी।
डिजिटल और पारदर्शी प्रक्रिया से होगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भर्ती, मंत्री निर्मला भूरिया ने की ये अपील

मध्य प्रदेश के आंगनबाड़ी केन्दों में जॉब करने का एक सुनहरा अवसर सरकार दे रही है, इसके लिए सरकार ने भर्तियों का विज्ञापन जारी किया है, सरकार कुल 19,504 पदों पर भर्ती करने जा रही है जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सहायिकाओं के पद शामिल हैं। कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने प्रदेश की महिलाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा है कि मध्य प्रदेश में पहली बार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भर्ती पूर्णतः डिजिटल और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में कुल 19,504 रिक्त पदों की पूर्ति हेतु विज्ञापन जारी कर दिया गया है।

शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र की योग्य महिलाओं को समान अवसर

सुश्री भूरिया ने बताया कि यह भर्ती प्रक्रिया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया मिशन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पारदर्शी शासन प्रणाली की भावना को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदनकर्ता अपने दस्तावेज भी इसी पोर्टल पर अपलोड करेंगे तथा चयन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन एवं योग्यता आधारित होगी। इस पहल से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र की योग्य महिलाओं को समान अवसर मिलेगा और चयन में किसी प्रकार की भेदभाव या अपारदर्शिता नहीं होगी।

4 जुलाई 2025 तक पोर्टल पर होंगे ऑनलाइन आवेदन 

उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को चाहिए कि वे 4 जुलाई 2025 तक पोर्टल पर अपना आवेदन ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकते है। इस बार विभागीय कार्यालयों में ऑफलाइन या व्यक्तिगत रूप से कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

महिलाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील 

महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री भूरिया ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वाकांक्षी और अभिनव पहल की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाएं, जिससे योग्य एवं इच्छुक महिलाएं निर्धारित समय-सीमा में आवेदन कर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठा सकें।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews