पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल द्वारा वर्ष 2025–26 के दौरान ट्रेन से संबंधित दुर्घटनाओं जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जॉइंट फुल-स्केल एक्सरसाइज का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार, 12 मार्च 2026 को सुखीसेवनिया रेलवे स्टेशन पर भोपाल रेल मंडल, 11वीं बटालियन आरपीएसएफ/आरपीएफ तथा एनडीआरएफ भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में दुर्घटना राहत एवं बचाव का व्यापक अभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

अधिकारी रहे मौजूद
इस अभ्यास में मंडल रेल प्रबंधक भोपाल पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ आरपीएसएफ/आरपीएफ 11वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट अनिल पाल के नेतृत्व में टीम ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त आरपीएसएफ भोपाल के कमांडेंट कमलनाथ धुर्वे भी अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। इस दौरान पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय जबलपुर से मुख्य चल शक्ति इंजीनियर आर.एस. वीका तथा डीसीएस/मुख्य सुरक्षा अधिकारी (यांत्रिक) भी उपस्थित रहे।

दुर्घटना का बनाया गया सीन
अभ्यास के दौरान दुर्घटना की एक काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें तीन कोचों को शामिल करते हुए दुर्घटना का दृश्य बनाया गया। इनमें दो स्लीपर कोच तथा एक जनरल कोच को दुर्घटनाग्रस्त दर्शाया गया। कोचों में रेलवे सांस्कृतिक अकादमी के कलाकारों तथा सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों को घायल एवं हताहत यात्रियों के रूप में शामिल किया गया।

दुर्घटना राहत एवं बचाव अभ्यास की शुरुआत
दुर्घटना राहत एवं बचाव अभ्यास की शुरुआत प्रातः 11:34 बजे हुई, जब ड्यूटी पर तैनात लोको पायलट/गार्ड द्वारा स्टेशन प्रबंधक को दुर्घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल को अवगत कराया गया और तत्काल दुर्घटना राहत चिकित्सा यान को भोपाल से घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। साथ ही संबंधित रेलवे विभागों तथा जिला प्रशासन को भी सूचित किया गया।
अलर्ट पर आई टीमें
सूचना प्राप्त होते ही सिविल प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड, 108 एम्बुलेंस सेवा तथा स्थानीय अस्पतालों के चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ भी घटनास्थल पर पहुंचे। राहत एवं बचाव दलों ने संयुक्त रूप से कार्य करते हुए दुर्घटनाग्रस्त कोचों से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने तथा उन्हें स्ट्रेचर की सहायता से एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल (निजी अस्पताल) पहुंचाने का अभ्यास किया।

सभी ने निभाई भूमिका
अभ्यास के दौरान मंडल रेल प्रबंधक द्वारा आरपीएसएफ/आरपीएफ के उपकरणों एवं रेलवे की दुर्घटना राहत गाड़ी का निरीक्षण भी किया गया। साथ ही ड्रोन कैमरे की सहायता से पूरे दुर्घटना स्थल की वीडियोग्राफी भी की गई। इस फुल-स्केल एक्सरसाइज में मंडल रेल प्रबंधक भोपाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन एवं इंफ्रा) भोपाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, मंडल के वरिष्ठ रेल अधिकारी, रेलवे चिकित्सक, इंजीनियर, सुपरवाइजर, रेलवे सांस्कृतिक अकादमी के कलाकार, स्काउट-गाइड तथा सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों ने भी सक्रिय सहभागिता की। पूरे अभ्यास के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का कार्य सुरक्षा विभाग, भोपाल मंडल द्वारा किया गया। संयुक्त दुर्घटना अभ्यास का समापन दोपहर 13:28 बजे सफलतापूर्वक किया गया।





