
Soybean CM Mohan Yadav
मध्य प्रदेश के सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए अच्छी खबर है, तय घोषणा के मुताबिक सरकार ने आज भावांतर योजना के तहत सोयाबीन का मॉडल रेट घोषित कर दिया, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि ‘भावान्तर योजना’ में सोयाबीन का प्रति क्विंटल मॉडल रेट 4,000 रुपए से अधिक तय किया गया है।
सीएम डॉ मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश के अन्नदाताओं को उपज के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का पूर्ण लाभ दिलाने के लिए सोयाबीन उत्पादक किसानों को अतिरिक्त 1300 रुपये प्रति क्विंटल दिए जाएंगे। 13 नवंबर को सोयाबीन उत्पादक किसानों को इसका लाभ वितरित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में कल्याणकारी योजनाओं और विकासमूलक कार्यक्रमों का क्रियान्वयन करते हुए राज्य सरकार सशक्त भारत-सशक्त मध्य प्रदेश के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के ये हैं निर्देश
मध्य प्रदेश में अतिवृष्टि से ख़राब हुई सोयाबीन की फसल के पूरे दाम किसानों को मिलें इसलिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोयाबीन भावांतर योजना लागू की है, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के किसानों के हित में भावांतर योजना प्रारंभ की गई है इसलिए योजना की संपूर्ण प्रक्रिया में किसानों को कोई असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। भावान्तर योजना लागू होने के बाद से उपार्जन केंद्रों पर सोयाबीन की आवक बढ़ गई है, और तेजी से खरीदी जारी है।
राज्य शासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई भावांतर योजना-2025 के अंतर्गत सोयाबीन की खरीदी में मदद के लिये अब राज्य शासन ने हेल्पलाइन सुविधा शुरू की है। योजना के प्रभावी एवं सुचारू क्रियान्वयन के लिए किसान, व्यापारी संगठनों, मंडी बोर्ड / मंडी समितियों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुविधा के लिए भावांतर हेल्पलाइन कॉल सेंटर प्रारंभ किया गया है। योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा समस्या के समाधान के लिए कोई भी किसान, व्यापारी अथवा संबंधित व्यक्ति हेल्पलाइन से संपर्क कर सकता है। हेल्पलाइन का दूरभाष नंबर–0755-2704555 है। यह हेल्पलाइन 30 अक्टूबर 2025 से निरंतर योजना अवधि तक कार्यरत रहेगी। हेल्पलाइन प्रतिदिन सुबह 07 बजे से रात 11 बजे तक निरंतर कार्य करेगी।
9.36 लाख से अधिक किसानों ने कराया है पंजीयन
सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए लागू की भावान्तर योजना के तहत 3 से 17 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन किये गए जिसमें में 9 लाख 36 हजार 352 किसानों ने पंजीयन कराया है। प्रदेश में सात जिले उज्जैन, राजगढ़, शाजापुर, देवास, सीहोर, विदिशा और सागर ऐसे हैं जहां 50-50 हजार से अधिक किसानों ने पंजीयन करवाया है। इसी तरह 21 जिलों से 10-10 हजार से अधिक किसानों ने पंजीयन करवाया है।
5328 रुपए निर्धारित है सोयाबीन की MSP
प्रदेश में 24 अक्टूबर से 15 जनवरी 2026 तक सोयाबीन की विक्रय अवधि रहेगी। सोयाबीन के लिए एमएसपी प्रति क्विंटल 5328 रुपए घोषित की गई है। अगर एमएसपी से कम कीमत पर सोयाबीन बिकता है तो किसानों के घाटे की भरपाई भावान्तर योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा की जाएगी। फसल के विक्रय मूल्य और न्यूनतम समर्थन मूल्य MSP के अन्तर की राशि सीधे राज्य सरकार देगी।
'भावान्तर योजना’ के तहत सोयाबीन किसानों के लिए बड़ा फैसला
—
मॉडल रेट ₹𝟒,𝟎𝟎𝟎 से अधिक प्रति क्विंटल घोषित किया गया है, साथ ही 𝐌𝐒𝐏 लाभ हेतु ₹𝟏,𝟑𝟎𝟎 अतिरिक्त दिए जाएंगे।आगामी 𝟏𝟑 नवंबर से किसानों को लाभ वितरित किया जाएगा।
~मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव@DrMohanYadav51 pic.twitter.com/MQMxog8CW0
— Agriculture Department, MP (@minmpkrishi) November 7, 2025
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

