
भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक नाबालिग बालिका के साथ सरे राह छेड़छाड़ की घटना ने बालिका और महिला अपराध मुक्त मध्य प्रदेश के सपने पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मनचलों ने न्यू मार्केट जा रही 14 साल की एक नाबालिग के साथ छेड़छाड़ कर दी, उसपर अश्लील फब्तियां कसीं। बच्ची ने विरोध किया तो मनचलों ने उसकी मारपीट कर दी, बच्ची के साथ मौजूद उसकी मौसी ने बचाने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उनके साथ भी मारपीट की और फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार टीटी नगर थाना क्षेत्र के न्यू मार्केट में 14 साल की एक नाबालिग बच्ची अपनी मौसी के साथ शॉपिंग के लिए आई थी। वो मार्केट जा रही थी तभी मोटर साइकिल पर सवार तीन लड़कों ने उसके पास से निकलते समय उसपर अश्लील कमेंट्स पास किये, उसके साथ छेड़खानी की कोशिश की। घटना सोमवार की बताई गई है।
ये भी पढ़ें – CM की बड़ी घोषणा, 35 हजार कर्मचारियों को मिलेगा बड़ा लाभ, 25 हजार पदों पर भर्ती
लड़की ने जब मनचलों की इस हरकत का विरोध किया तो वे भड़क गए और बच्ची के साथ विवाद करने लगे. सरे राह भीड़ भरे भोपाल के मुख्य बाजार में विवाद होता देख भीड़ लग गई लेकिन मनचले लड़की से बहस करते रहे और फिर उसके साथ मारपीट करने लगे। बच्ची की मौसी ने बीचबचाव का प्रयास किया तो मनचलों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी।
ये भी पढ़ें – MP ओबीसी आरक्षण पर उलझन में विभाग, उम्मीदवारों में बढ़ता आक्रोश, जानें पूरा मामला
भीड़ में कुछ हिम्मती लोग जब बच्ची और उसकी मौसी के पक्ष में आ गए और मनचलों को हड़काने लगे तो वे फरार हो गए। घटना के बाद बच्ची ने मौसी के साथ जाकर टीटी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है लेकिन आरोपी अभी तक पुलिस पकड़ से दूर हैं।
ये भी पढ़ें – बड़े रियल स्टेट कारोबारी के ठिकानों पर देश में कई जगह IT का छापा
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

