भोपाल: मध्यप्रदेश में पिछले कुछ महीनों से विभिन्न जिलों में स्टूडेंट्स सड़क, शिक्षा और स्कूल भवन जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर मुखर हो रहे हैं। Gen Z के बाद अब Gen Alpha के छात्रों के प्रदर्शन ने भी प्रशासन और सरकार का ध्यान इनकी समस्याओं की ओर खींचा है। इसी बीच, सोमवार को राजधानी भोपाल के मिसरोद के नवीन हायर सेकंडरी स्कूल के स्टूडेंट्स ने टीचर पर आरोप लगाते हुए सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।
स्टूडेंट्स का आरोप है कि बबीता कुशवाह मैडम फेल करने की धमकी देकर घर के काम कराती हैं। प्रोजेक्ट के नाम पर पैसे मांगती हैं। मना करने पर पाइप से पीटती हैं। स्टूडेंट्स ने स्कूल का घेराव किया एवं हाथों में पोस्टर एवं बैनर लेकर स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। स्टूडेंट्स ने स्कूल प्रशासन होश में आओ, फिजिक्स की नई टीचर लाओ.. जब तक मैडम हटेंगी नहीं, हमारी आवाज दबेगी नहीं..जैसे नारे लगाये।
मौके पर पहुंचे मिसरोद थाना प्रभारी
बता दें कि प्रदर्शन के दौरान कई स्टूडेंट्स के हाथ में एक पत्र था जिसमें उन्होंने अपने आरोप एवं अपनी मांगों का उल्लेख किया था। प्रदर्शन बढ़ता देख सूचना मिलते ही मिसरोद थाने के प्रभारी विमलेश कुमार राय मौके पर पहुंचे। प्राचार्य के साथ मिलकर स्टूडेंट्स को समझाया। इस पर छात्र-छात्राओं ने आरोपी टीचर को हटाए जाने के बाद ही प्रदर्शन खत्म करने की बात कही।
स्टूडेंट्स पहले भी प्राचार्य को सौंप चुके हैं आवेदन
जानकारी अनुसार, प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स ने इस संबंध में 3 अक्टूबर को प्राचार्य को लिखित आवेदन भी सौंपा था। आवेदन में स्टूडेंट्स ने आरोप लगाया कि.. यूपीएससी और अन्य भर्ती परीक्षाओं के दौरान उनसे बेंच जमाने, स्कूल परिसर की सफाई करने और रोल नंबर लिखने जैसे काम कराए जाते हैं। स्टूडेंट्स का कहना है कि इन कार्यों के लिए उन्हें रविवार को भी स्कूल बुलाया जाता है।


आरोपों की जांच कर टीचर पर कार्रवाई की मांग
स्टूडेंट्स ने यह भी आरोप लगाया कि टीचर द्वारा हर महीने प्रोजेक्ट के नाम पर 2500-2500 रुपये की मांग की जाती है। इसके अलावा, काम नहीं करने पर फेल करने की धमकी देने और मारपीट करने के आरोप भी लगाए गए हैं। स्टूडेंट्स का कहना है कि वे स्कूल में पढ़ाई करने आते हैं कर्मचारियों की तरह काम करने नहीं। स्टूडेंट्स ने पूरे मामले की जांच कर आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित टीचर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।





