भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के रिहायशी इलाकों में बेखौफ चल रहे अवैध कमर्शियल कारोबार पर अब नगर निगम का शिकंजा कस गया है। सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेश के बाद निगम ने शहरभर में सीलिंग की बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम की टीमें मैदान में उतर चुकी हैं। इसी बीच, मंगलवार को संत हिरदाराम नगर यानि बैरागढ़ में नगर निगम की टीम ने सीलिंग की कार्रवाई की।
बता दें कि नगर निगम की बिल्डिंग परमिशन शाखा और अतिक्रमण अमले समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में करीब आठ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर नोटिस चस्पा किए गए। कार्रवाई सुबह करीब 10 बजे शुरू होते ही इलाके के व्यापारियों और व्यवसायियों में हड़कंप मच गया।
नगर निगम ने कहां-कहां की कार्रवाई?
निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान बैरागढ़ स्थित पारस होटल, शैकर्स ओ बार, चाय सुट्टा, साईं सेलिब्रेशन गार्डन, आयरन क्रश जिम, मुस्कान गार्डन, सुदर्शन होटल और डीवीएस कैफे सहित अन्य व्यवसायिक स्थलों पर नोटिस चस्पा किए। निगम अमले की कार्रवाई शुरू होते ही आसपास के व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने कार्रवाई के तरीके को लेकर विरोध जताया।
निगम की कार्रवाई से व्यापारियों में नाराजगी
नगर निगम की कार्रवाई पर व्यापारियों का कहना है कि काफी लंबे समय से संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ इस तरह के एक्शन से व्यापारियों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। उनका कहना है कि यदि प्रतिष्ठानों को बंद किया जाता है तो सिर्फ व्यापार प्रभावित नहीं होगा बल्कि काम करने वाले कर्मचारियों एवं उनसे जुड़े परिवारों की आजीविका पर असर होगा।
व्यापारियों ने निगम की कार्रवाई पर उठाए सवाल
व्यापारियों ने निगम की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि नियमों का पालन कराने के लिए उचित प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। उनका आरोप है कि कार्रवाई से पहले व्यापारियों को अपनी बात रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए था। अचानक नोटिस चस्पा कर प्रतिष्ठानों को बंद कराने की कार्रवाई से व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित हो सकती हैं।
नाराज व्यापारी एकजुट होकर सड़क पर उतरे
बता दें कि भोपाल नगर निगम की शहरभर में जारी कार्रवाई को लेकर व्यापारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कार्रवाई के विरोध में भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के बैनर तले व्यापारी एक बार फिर सड़क पर उतर आए। सोमवार सुबह करीब 11 बजे व्यापारी न्यू मार्केट स्थित नानके पेट्रोल पंप पर एकत्र हुए और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात के लिए सीएम हाउस की ओर रवाना हुए।
जानकारी अनुसार, रोशनपुरा चौराहे से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर व्यापारियों को रोक दिया। व्यापारियों ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें आगे नहीं जाने दिया। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने ‘तानाशाही बंद करो’ जैसे नारे लगाए। कई व्यापारी ‘सशक्त आवाज, व्यापारियों की आवाज’ लिखे बैनर पहनकर प्रदर्शन में शामिल हुए।
भोपाल से रवि कुमार की रिपोर्ट





