भोपाल। मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती-2025 के वर्ग-2 और वर्ग-3 में पद बढ़ाने की मांग को लेकर भोपाल के नीलम पार्क में चल रहा आंदोलन शुक्रवार को उस समय चिंता का कारण बन गया, जब भूख हड़ताल पर बैठी एक महिला अभ्यर्थी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह धरनास्थल पर ही बेहोश हो गई, जिसके बाद साथी अभ्यर्थियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
महिला अभ्यर्थी पिछले तीन दिनों से पदवृद्धि की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठी थी। लगातार अनशन के बीच शुक्रवार को उसकी तबीयत बिगड़ी और वह अचानक बेहोश होकर गिर गई। मौके पर मौजूद अभ्यर्थियों ने उसे संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
रक्षाबंधन पर भी नीलम पार्क में डटे अभ्यर्थी
वर्ग-2 माध्यमिक और वर्ग-3 प्राथमिक शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन कई दिनों से जारी है। रक्षाबंधन के दिन भी महिला और पुरुष अभ्यर्थी अपने घर नहीं गए और नीलम पार्क में धरने पर डटे रहे। अभ्यर्थियों का कहना है कि पात्रता और चयन परीक्षा पास करने के बावजूद सीमित पदों के कारण बड़ी संख्या में योग्य उम्मीदवार चयन से बाहर हैं।
आंदोलनकारी वर्ग-2 में प्रत्येक विषय में करीब 3-3 हजार पद और वर्ग-3 में कुल 25 हजार पद किए जाने की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही बढ़े हुए पदों के आधार पर दूसरी काउंसलिंग कराने की मांग भी उठाई जा रही है।
इस आंदोलन के दौरान किसी अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने की यह पहली घटना भी नहीं है। 25 अगस्त को कई दिनों से अनशन कर रहे अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें भी अस्पताल ले जाया गया था। इसके बावजूद अभ्यर्थियों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है।






