भोपाल में ट्रैफिक एसीपी के घर लाखों रुपए की चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक जिस समय यह चोरी हुई। उस समय एसीपी की ड्यूटी मुख्यमंत्री की सुरक्षा में थी और उनके परिजन भी घर पर नहीं थे। मौके का फायदा उठाकर चोर घर में पहुंचे और 6 लाख रुपए कैश के साथ सोने चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए।
यह पूरा मामला भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र के डीके 2 इलाके का है। चोरी करने वाले बदमाश मौके पर कार से पहुंचे थे। यहां उन्होंने पहले बाहर के गेट का ताला तोड़ा फिर अंदर के गेट का लॉक तोड़कर घर में दाखिल हुए। घर में जितनी भी अलमारी और कमरे थे सबकी तलाशी ली और सारी नगदी और जेवर लेकर फरार हो गए। मामले की जानकारी तब सामने आई जब एसीपी देर रात घर पहुंचे और दरवाजे का ताला टूटा मिला।
खाली घर में हुई चोरी
जानकारी के मुताबिक ये चोरी ACP विजय दुबे के घर पर हुई है। घटना के समय वो मुख्यमंत्री की VIP ड्यूटी में तैनात थे। परिजन भी उज्जैन गए हुए थे और मकान पूरी तरह से खाली था। जिस तरह से चोरी को अंजाम दिया है उससे ये आशंका जताई जा रही है कि शायद बदमाशों को पहले ही परिवार के घर पर न होने की जानकारी थी। पूरी रैकी करने के बाद ही घटना को अंजाम दिया गया।
कैश और जेवर गायब
जानकारी के मुताबिक चोर अपने साथ 6 लाख रुपए की नगद रकम और सोना चांदी के जेवर लेकर गायब हुए हैं। ACP ने कुछ समय पहले 20 लाख का पर्सनल लोन लिया था उसी में से यह रुपए बचे हुए थे। बदमाश अपने साथ जो जेवर ले गए हैं, उसमें परिवार के साथ साथ भाई भाभी और ससुराल पक्ष के सदस्यों के आभूषण शामिल होने की बात भी सामने आई है। पुलिस फिलहाल जेवर के बिल और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। अब तक हुई जांच में कुल 10 लाख की चोरी होने की आशंका जताई गई है। ज्वेलरी की वास्तविक कीमत दस्तावेज की जानकारी मिलने के बाद स्पष्ट होगी।
Bhopal, Madhya Pradesh: ACP Alok Srivastava says, “Vijay Dubey is an ACP in the Traffic department in Bhopal. A theft took place at his residence last night. His wife and daughter had gone to Ujjain, while Vijay Dubey was on duty. Meanwhile, thieves broke the lock of his house… pic.twitter.com/BipvlkISng
— IANS (@ians_india) September 11, 2026
Video Credit: IANS
सीसीटीवी का डीवीआर भी गायब
चोरी करने वाले बदमाशों को अच्छी तरह से पता था कि उनकी यह करतूत घर में लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो रही है। यही वजह रही कि वह अपने साथ कैमरा का डीवीआर भी ले गए। हालांकि, पास के घर में लगे कैमरा में कुछ लोग संदिग्ध कार से आते जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों के आने जाने का रास्ता पता करने और उनकी पहचान जुटाने की कोशिश कर रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक की टीम में फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य भी मौके से इकट्ठा किए हैं।






