मध्यप्रदेश पुलिस में बड़े स्तर पर तबादला आदेश जारी हुआ है। दरअसल पुलिस मुख्यालय भोपाल ने पुलिस स्थापना बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद रक्षित निरीक्षकों को उनकी वर्तमान पदस्थापना से दूसरी इकाइयों में भेजने के आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार संबंधित अधिकारियों को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक नई जगह पर पदस्थ किया गया है।
यह आदेश 11 सितंबर 2026 को पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश कैलाश मकवाणा की ओर से जारी किया गया। इसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों और नगरीय पुलिस इकाइयों में पदस्थ रक्षित निरीक्षकों के नाम और उनकी नई पदस्थापना का उल्लेख किया गया है।
ट्रैफिक और रक्षित निरीक्षक की बदली पोस्टिंग
दरअसल तबादला आदेश में कई रक्षित निरीक्षकों को ट्रैफिक विभाग और दूसरी पुलिस इकाइयों में भेजा गया है। आदेश में नरसिंहपुर, रायसेन, धार, बुरहानपुर, शिवपुरी, नीमच, दतिया, नर्मदापुरम, भोपाल, विदिशा, अलीराजपुर, सागर, इंदौर, झाबुआ, बालाघाट और अन्य जिलों से जुड़े अधिकारियों की नई पदस्थापना दर्ज है। आदेश के अनुसार मनोरमा बघेल को रक्षित निरीक्षक जिला नरसिंहपुर से यातायात जिला जबलपुर भेजा गया है। लता मालवीय की नई पदस्थापना रक्षित निरीक्षक नरसिंहपुर के रूप में की गई है। पुरुषोत्तम बिश्नोई को रक्षित निरीक्षक पीटीसी इंदौर भेजा गया है।
यहीं इसी तरह कई अधिकारियों को यातायात इकाइयों में पदस्थ किया गया है। आदेश में यातायात जिला देवास, भोपाल नगरीय, रायसेन, नर्मदापुरम, धार, कटनी, नरसिंहपुर, ग्वालियर, सीहोर, मंडला, हरदा, सिंगरौली और अन्य इकाइयों के नाम भी शामिल हैं। दूसरे हिस्से में सोनम पारासर, राहुल सिंह ठाकुर, रितेश वाघेला, गेलेन्द्र कुमार नागेश, सपना त्रिपाठी, सुनील सिकारिया, जितेन्द्र रावतकर, अरुण परमार, सोनू बाजपेयी, वर्षा गौर, रोशनी केसरवानी, कमला कुशवाह और सीमा तिवारी समेत अन्य अधिकारियों के तबादले दर्ज हैं।
तय समय में अधिकारियों को करना होगा कार्यमुक्त
दरअसल पुलिस मुख्यालय के आदेश में मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग की स्थानांतरण नीति 2026 का भी उल्लेख किया गया है। आदेश के मुताबिक संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय में उनकी वर्तमान इकाई से कार्यमुक्त किया जाना है। आदेश में यह भी साफ किया गया है कि अगर संबंधित अधिकारी निलंबन में है तो उसे कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा। ऐसी स्थिति में पुलिस मुख्यालय को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।






