Cheetah In MP : कूनो नेशनल पार्क में आ रहे 12 चीते, 18 फरवरी के कार्यक्रम की तैयारियां तेज, शिवराज करेंगे समीक्षा

Cheetah in MP : भारत में विलुप्त हो चुके चीतों की बसाहट के लिए सबसे उपयुक्त प्रदेश, मध्य प्रदेश अब टाइगर प्रदेश के साथ साथ चीता प्रदेश भी है। दक्षिण अफ्रीका के नामीबिया से पिछले साल 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उन्होंने ही भारत में चीता परियोजना या मिशन चीता की शुरुआत की थी, 17 सितम्बर को कूनो नेशनल पार्क में छोड़े गए 8 चीतों की तंदरुस्ती का अध्ययन करने के बाद अब 12 और चीते कूनो नेशनल पार्क में आ रहे हैं, ये चीते 18 फरवरी को आएंगे और इसी दिन कूनो में बनाये गए विशेष बाड़ों में छोड़े जायेंगे।

18 फरवरी को आएंगे 12 चीते, कार्यक्रम की तैयारियां तेज 

18 फरवरी 2023 का दिन कूनो नेशनल पार्क के लिए फिर यादगार बनने जा रहा है, इस दिन दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते यहाँ पहुँच रहे हैं, विशेषज्ञ इसकी तैयारियों पर नजर रखे हुए हैं, मप्र वन विभाग के अधिकारी और कूनो नेशनल पार्क के अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं, केन्द्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव पिछले दिनों यहाँ वर्तमान 8 चीतों के स्वास्थ्य का हालचाल लेने और आने वाले 12 चीतों की व्यवस्थाओं को देखने आये थे और संतुष्ट भी दिखाई दिए थे।

सीएम शिवराज आज करेंगे चीता प्रोजेक्ट की समीक्षा   

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 18 फरवरी को होने वाले कार्यक्रम पर नजर बनाये हुए हैं, वे आज इसकी समीक्षा करेंगे, उन्होंने आज राजधानी भोपाल में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि ये ख़ुशी की बात है कि अभी जो चीते हैं वो स्वस्थ है लगातार उन पर निगरानी की जा रही है, मैं आज पूरे चीता प्रोजेक्ट की समीक्षा करने वाला हूँ , उन्होंने कहा कि अब मध्य प्रदेश चीता प्रदेश है, पीएम मोदी के आशीर्वाद से विलुप्त हो चुके चीते फिर से भारत में दिखाई दे रहे हैं, ये कूनो नेशनल पार्क और उसके आसपास की अर्थ व्यवस्था को बदल देंगे, इसलिए सरकार यहाँ बुनियादी जरूरतें, पर्यटकों के लिए सुविधाएँ मुहैया करा रही है साथ ही चीता मित्र भी बना रही है जो चीतों की रक्षा का संकल्प ले रहे हैं।

ड्रोन से हो रही निगरानी, डॉग स्क्वाड भी मुस्तैद 

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में चीतों का कुनबा बढ़ने जा रहा है। कूनो नेशनल पार्क श्योपुर में 18 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से 12 और चीते आने वाले हैं, कूनो नेशनल पार्क में चीतों के स्वागत के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं, इनके लिए 10 नए आधुनिक बाड़े बनाये गए हैं, जिसमें उन्हें दक्षिण अफ्रीका वाला माहौल ही महसूस होगा। सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किये गए हैं, ड्रोन और डॉग स्क्वाड आसपास के क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने अपने जन्मदिन पर MP को दिया था तोहफा 

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Nrendra Modi) ने अपने जन्मदिन पर 17 सितम्बर 2022 को मध्य प्रदेश को एक खास तोहफा दिया जिसने इतिहास बना दिया। प्रधानमंत्री ने चीता परियोजना की शुरुआत करते हुए श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क (Kuno National Park Sheopur) में तीन चीतों को बाड़े में छोड़कर चीतों के एक फिर बसाहट के रास्ते खोल दिए थे। इस दिन 8  चीते नामीबिया से विशेष विमान से आये थे। इस दौरान कूनो नेशनल पार्क में पीएम का एक खास अंदाज भी दिखाई दिया था। उन्होंने मैकेनिकल पुली से चीतों को उनके लिए बनाये विशेष बाड़े (क्षेत्र) में छोड़ा और उसके बाद कैमरा हाथ में लेकर उससे फोटोग्राफी भी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने दो बाड़ों में चीते छोड़े। पहले बाड़े में दो नर चीते छोड़े और फिर दूसरे बाड़े में एक मादा चीता को छोड़ा। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों की निगरानी में पांच चीतों को उनके बाड़े में छोड़ दिया गया।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews