MP: 20 फरवरी से कक्षा 5वीं- 8वीं की परीक्षा, बोर्ड पैटर्न पर होगी, 25 लाख छात्र होंगे शामिल, 12 हजार 920 केंद्र बनाए गए

MP School: कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शासकीय विद्यालयों के साथ-साथ निजी स्कूलों एवं मदरसों के विद्यार्थी भी शामिल होंगे। परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होगी और 28 फरवरी तक चलेगी।
cg school exam

मध्य प्रदेश के कक्षा 5वीं और 8वीं के छात्रों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। इस बार प्रदेश में शिक्षण सत्र 2025-26 की कक्षा 5वीं एंव 8वीं की परीक्षा बोर्ड पैटर्न पर होगी। कक्षा 5वीं की परीक्षा 20 फरवरी से 26 फरवरी तक चलेगी। वहीं कक्षा 8वीं की परीक्षा 20 फरवरी से 28 फरवरी तक चलेगी। दोनों कक्षाओं का पहला पेपर हिंदी का होगा।

परीक्षाएं दोपहर की शिफ्ट में 2:00 बजे से 4:30 बजे तक चलेंगी। इस परीक्षा के लिए प्रदेश भर में 12 हजार 920 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर लगभग 25 लाख विद्यार्थी परीक्षा देंगे। राज्‍य शिक्षा केंद्र ने मंगलवार को इस संबंध में दिशा निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

शासकीय, अशासकीय और मदरसा स्कूलों के छात्र होंगे परीक्षा में शामि‍ल

राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने बताया कि परीक्षा केन्द्रों पर छात्रों की संख्या के अनुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन परीक्षाओं में शासकीय विद्यालयों के साथ-साथ निजी स्कूलों एवं मदरसों के छात्र भी शामिल होंगे। इस वर्ष 1 लाख 10 हजार 615 शासकीय, निजी शालाओं एवं मदरसों के लगभग 24 लाख 90 हजार छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। इ‍समें से 522 निजी विद्यालयों के 20 हजार 736 छात्रों के लिए एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के अनुसार भाषा विषय के पृथक प्रश्न पत्र तैयार किए गए हैं। अन्य विषयों के प्रश्न पत्र राज्य द्वारा निर्धारित पाठ्यपुस्तकों के आधार पर बनाए गए हैं।

पोर्टल के माध्यम से होगा छात्रों का सत्यापन

परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए स्‍कूल शिक्षा विभाग द्वारा एक विशेष पहल की गई है। विशेष आईटी पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल से छात्रों का सत्यापन, परीक्षा केन्द्रों का निर्धारण, केन्द्राध्यक्षों की मैपिंग, सामग्री वितरण, रोल नंबर एवं प्रवेश पत्र जारी करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही उपस्थिति दर्ज करने, मूल्यांकन कार्य एवं अंकसूची जारी करने की व्यवस्था भी इसी पोर्टल से की जाएगी।

हर पात्र छात्र को मिलेगा परीक्षा देने का अवसर

संचालक हरजिंदर सिंह ने बताया कि प्रत्येक पात्र छात्र को परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान किया जाएगा। कोई विद्यार्थी यदि किसी कारणवश परीक्षा तिथि तक पंजीकृत नहीं हो पाया है, तो उसे भी परीक्षा में शामिल करने के निर्देश केन्द्राध्यक्षों को दिए गए हैं। ऐसे विद्यार्थियों की तकनीकी जानकारी परीक्षा उपरांत दर्ज की जाएगी। परीक्षा में 86 हजार 109 शासकीय शालाओं, 23 हजार 980 अशासकीय शालाओं एवं 525 मदरसों के छात्र भाग लेंगे।

कक्षा 5वीं का टाइम टेबल

  • 20 फरवरी: प्रथम भाषा:- हिन्दी (SCERT), (NCERT), अंग्रेजी (SCERT), (NCERT), उर्दू मराठी
  • 21 फरवरी: गणित अथवा संगीत (दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों हेतु)
  • 23 फरवरी: द्वितीय भाषा:- अंग्रेजी (SCERT), (NCERT) (जिनकी प्रथम भाषा हिन्दी /उर्दू / मराठी है) अथवा हिन्दी (SCERT), (NCERT) (जिनकी प्रथम भाषा अंग्रेजी है)
  • 25 फरवरी: पर्यावरण अध्ययन
  • 26 फरवरी: अतिरिक्त भाषा:- हिन्दी / संस्कृत / उर्दू/ पंजाबी/ चित्रकला (मूकबधिर परीक्षार्थियों हेतु)

कक्षा 8वीं का टाइम टेबल

  • 20 फरवरी: प्रथम भाषा: (संस्कृत/क्षेत्रीय भाषा), हिंदी (SCERT, NCERT), अंग्रेजी (SCERT, NCERT), मराठी (SCERT, NCERT)
  • 21 फरवरी: गणित अथवा संगीत (केवल दृष्टि बाधितों के लिए))
  • 23 फरवरी: द्वितीय भाषा: अंग्रेजी (जिनकी प्रथम भाषा हिंदी /उर्दू /मराठी है)
  • 25 फरवरी: विज्ञान
  • 26 फरवरी: तृतीय भाषा: संस्कृत/हिंदी/उर्दू/मराठी/पंजाबी/उड़िया/गुजराती/चित्रकला (मूकबधिर के लिए)
  • 28 फरवरी: सामाजिक विज्ञान

MP 5th 8th Exam Time Table

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews