खरगे के PM मोदी के बारे में दिए गए बयान की CM मोहन यादव ने की निंदा, कहा- राजनीति करें लेकिन मर्यादाओं का ध्यान रखें

सीएम मोहन यादव ने पीएम मोदी के पिता पर मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी की निंदा करते हुये इसे अभद्र और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ऐसी बयानबाजी से अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
CM Mohan Yadav on Kharge

भोपाल: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिये गये बयान को लेकर राजनीति का पारा एक बार फिर सातवें आसमान पर पहुंच गया है। जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने खरगे के बयान की निंदा की है और मांफी की मांग की है। इस बीच, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस नेता लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता के खिलाफ अभद्र और निंदनीय टिप्पणी की है जो लोकतांत्रिक व्यवस्था में पद की गरिमा के खिलाफ है।

सीएम ने आगे कहा कि कांग्रेस नेता लगातार इस तरह की बयानबाजी कर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, देश की जनता उनकी सोच को समझ चुकी है। यही वजह है कि पिछले एक दशक से भी अधिक समय से जनता कांग्रेस को लगातार चुनावों में हार का सामना करा रही है।

अमित शाह ने भी खरगे की टिप्पणी पर जताई नाराजगी

वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी खरगे पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना में प्रधानमंत्री मोदी के पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएँ तार-तार कर दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने पीएम मोदी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया। अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है।

अमित शाह ने आगे कहा कि बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा व निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है। जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है। शाह ने कहा कि जब-जब इन्होंने पीएम मोदी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।

खरगे ने पीएम मोदी के पिता को लेकर क्या बायन दिया?

बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रविवार को पटना में बिहार के पहले CM श्री कृष्ण सिंह की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान खरगे ने पीएम मोदी के पिता पर विवादित बयान दिया है। बता दें कि जब खरगे कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे तब उस समय भीड़ से एक युवक ने चिल्लाते हुये कहा कि ‘मोदी नहीं जाएगा।’ ऐसा बार बार कहने लगा। युवक की बात पर खरगे भड़क गये और नाराज होते हुये कहा कि ‘मोदी का बाप भी जाएगा’। खरगे ने कहा कि मोदी की झूठ बोलने की आदत है। इस बयान के बाद देश में राजनीतिक बवाल मच गया है और भाजपा कांग्रेस पर हमला बोल रही है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews